वडोदरा के न्यू समा रोड क्षेत्र में रहने वाले एक रिटायर्ड व्यक्ति को दोस्ती और भरोसे का फायदा उठाकर पहले उनके नाम पर महंगे मोबाइल फोन फाइनेंस करवाए गए। इसके बाद केमिकल कारोबार में भारी मुनाफे का लालच देकर एफडी तुड़वाई गई, सोने के गहने गिरवी रखवाए गए और अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। कुल ₹42.75 लाख की ठगी का मामला सामने आने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
बीसीआर न्यूज़/वडोदरा, गुजरात।। वडोदरा के न्यू समा रोड क्षेत्र निवासी सेवानिवृत्त गिरीशभाई मनहरभाई शाह ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि न्यू स्वागत रेस्टोरेंट में नौकरी के दौरान उनकी पहचान भार्गव विनोदभाई पटेल से हुई थी। भार्गव ने ₹5 लाख का चेक देकर उनके नाम पर फाइनेंस से मोबाइल फोन खरीदने की बात कही। भरोसा होने पर गिरीशभाई ने विभिन्न फाइनेंस कंपनियों के माध्यम से छह महंगे आईफोन और सैमसंग मोबाइल खरीदकर दिए, लेकिन बाद में दिया गया चेक बाउंस हो गया।
इसके बाद भार्गव ने अपने कथित फूफा बिपिनभाई पटेल के जरिए केमिकल कारोबार में निवेश कर भारी मुनाफा मिलने का झांसा दिया। आरोप है कि इसके बाद गिरीशभाई ने अपनी एफडी तुड़वाई, सोने के आभूषण गिरवी रखे और विभिन्न बैंक खातों तथा क्यूआर स्कैनर के माध्यम से लाखों रुपये ट्रांसफर कर दिए।
कुछ समय बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और संपर्क पूरी तरह समाप्त कर दिया। जब न तो निवेश की रकम वापस मिली और न ही मोबाइल की ईएमआई का भुगतान किया गया, तब गिरीशभाई को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भार्गव पटेल के खिलाफ ₹42.75 लाख की धोखाधड़ी तथा फाइनेंस पर खरीदे गए छह मोबाइल हड़पने का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Report: Krunal Patel
