November 16, 2026
West Delhi Home Guard Murder Case

अजय शास्त्री (संपादक व प्रकाशक)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में एक कार के अंदर होमगार्ड के एक जवान और 40 वर्ष की एक महिला के शव मिले हैं। पुलिस ने शनिवार को बताया कि कार के अंदर सल्फास (प्राणघातक कीटनाशक) के पैकेट भी मिले हैं।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुरेंद्र (46) और गीता (45) के रूप में हुई है। सुरेंद्र पिछले करीब 15 वर्षों से होमगार्ड के रूप में कार्यरत थे। दोनों के शव बुधवार को लाल फार्म इलाके में खड़ी एक सफेद कार में मिले थे। पुलिस ने बताया कि सल्फास के पैकेट 10-10 ग्राम के थे।

जांच में आया सामने

प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि दोनों ने गोलियां खाकर आत्महत्या की। जांचकर्ताओं को यह भी पता चला कि गीता के पति की भी 17 अक्टूबर को शाहबाद डेयरी इलाके में कथित तौर पर जहर खाने से मौत हो गई थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन तीनों मौतों के बीच कोई संबंध है।

पुलिस को मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, बुधवार को मोहन गार्डन थाने में पीसीआर पर सूचना मिली, जिसमें एक बंद कार के अंदर कुछ लोगों के बेहोश पड़े होने की सूचना दी गई थी। पुलिस की एक टीम दोनों को तारक अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, दोनों की हालत इतनी गंभीर थी कि वे कोई बयान देने की स्थिति में नहीं थे और बाद में उनकी मौत हो गई।

10 सालों से एक दूसरे को जानते थे दोनों मृतक

प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों एक-दूसरे को करीब 10 वर्षों से जानते थे। सुरेंद्र की गीता के पति से भी जान-पहचान थी। बताया जाता है कि करीब एक दशक पहले गीता के मोबाइल फोन के जरिए कुछ दस्तावेज और संदेश सुरेंद्र के साथ साझा किए गए थे, जिसके बाद उनका आपसी संपर्क शुरू हुआ।

सुल्तानपुरी में परिवार के साथ रहते थे सुरेंद्र

सुरेंद्र जहांगीरपुरी इलाके में तैनात थे और सुल्तानपुरी में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। गीता के दो बेटे हैं। उनमें से बड़ा बेटा करीब एक महीने पहले तक गुरुग्राम में चालक के रूप में काम करता था, जबकि 15 वर्षीय छोटा बेटा मोहन गार्डन के एक स्कूल में 10वीं का छात्र है।

हर एंगल से मामले की जांच कर रही पुलिस

गीता की मौत के बाद से दोनों बेटे अपने चाचा और दादा-दादी के साथ रह रहे हैं। जांचकर्ता यह पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। इसके अलावा अन्य डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *