वडोदरा में दोस्ती का फायदा उठाकर महिला की एक्टिवा हड़पने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। कुछ देर में लौटने का बहाना बनाकर एक्टिवा लेकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ विश्वासघात और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बीसीआर न्यूज़/वडोदरा, गुजरात।। वडोदरा के डभोई रोड स्थित वैष्णव पार्क सोसायटी निवासी 28 वर्षीय मंपी शशीराम खंडाले ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने वर्ष 2025 में खरीदी अपनी होंडा एक्टिवा एसटीडी (रजिस्ट्रेशन नंबर GJ-06-SG-1121), जिसकी अनुमानित कीमत ₹50 हजार है, परिचित सन्नी अरविंदभाई जोशी को कुछ समय के लिए दी थी।
शिकायत के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सन्नी अरविंदभाई जोशी उनके घर आया और थोड़ी देर में वापस आने की बात कहकर एक्टिवा लेकर चला गया। वाहन की मूल आरसी बुक भी डिक्की में रखी हुई थी। लेकिन आरोपी न तो उसी दिन लौटा और न ही बाद में वाहन वापस किया। वह लगातार अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़िता को टालता रहा और बाद में उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी सन्नी अरविंदभाई जोशी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा एक्टिवा की बरामदगी और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: क्रुणाल पटेल
