अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के बुद्ध विहार-कंझावला रोड पर सड़क हादसे में तेज गति से आ रहे लोडेड डंपर ने एक महिला को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। डंपर चालक घटना वाहन छोड़कर फरार हो गया।सूचना मिलते ही अमन विहार थाना पुलिस और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शव की शिनाख्त प्रियंका के रूप में हुई, जो दिल्ली के रोहिणी इलाके की रहने वाली थीं।
डंपर जब्त, चालक की तलाश जारी
शव को सड़क से हटाने के बाद पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया। अमन विहार पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
