July 18, 2026
Kapil Sibbal & Sonam Wangchuk

जान जोखिम में न डालें वांगचुक,अभी कई लड़ाइयां बाकी है: कपिल सिब्बल

रिपोर्ट: अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: सोनम वांगचुक के अनशन पर सीनियर वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सोनम वांगचुक अनशन तो कर रहे हैं और हम उनके साथ भी हैं लेकिन, जो सरकार आपको सुनने ही नहीं वाली फिर आप अपनी जान क्यों जोखिम में डाल रहे हैं। सिब्बल ने कहा कि अभी तो हमें कई और मुद्दों पर संघर्ष करना है, आपकी जरूरत है.

कपिल सिब्बल ने कहा, ‘जनता उनके प्रति इस नजरिए से देखती है कि ऐसे ही लोग हिंदुस्तान में होने चाहिए जो अपनी जान कुर्बान करने के लिए तैयार हैं. हम लोगों को अभी तो बहुत लड़ाइयां इकट्ठा होकर लड़नी है. मैंने गीतांजली (सोनम वांगचुक की पत्नी) जी से कहा कि आप जाकर कहें कि वो इसे वापस लें. ये बड़ा मुद्दा है लेकिन कई मुद्दों में से एक मुद्दा है.”

उन्होंने आगे कहा कि सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का आज 18वां दिन है. सरकार ने अभी तक कोई पहल नहीं की. उन्होंने यूपीए शासन की पुरानी बातों का जिक्र करते हुए कहा, ”मुझे याद है कि जब अन्ना हजारे का आंदोलन हुआ था तो उस वक्त जब जब उन्होंने अनशन किया तो सरकार बातचीत कर थी न. क्योंकि सरकार जनता के लिए होती है. जनता की बात सुनने के लिए सरकार होती है. जब एक ऐसा मोड आ जाए कि सरकार कहे कि हम किसी की सुनेंगे ही नहीं, तो वो मोड आज हिंदुस्तान की राजनीति में आ चुका है.”

राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने तंज कसते हुए कहा, ”सरकार को इस बात की ज्यादा फिक्र है कि किस तरह से पार्टियों को तोड़ें, किस तरह से दूसरी पार्टियों के सांसदों को तोड़ें, किस तरह से लोकसभा और राज्यसभा की बहुमत बढ़ाएं. किस तरह से दो तिहाई बहुमत हो जाए. किस तरह से संविधान बदल दें और किस तरह से चुनाव आयोग के माध्यम से वोटर्स के नाम काटे जाएं. इन सारी चीजों पर सरकार का बड़ा ध्यान है.”

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने ये भी कहा कि पेपर लीक हो रहे हैं लेकिन सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता है. उन्होंने कहा, ”युवा आज क्यों वहां जुड़े हुए हैं? इसलिए न कि कितने पेपर लीक हो गए और अभी तक मंत्री जी ने इस्तीफा नहीं दिया. मैं देश की जनता से बताना चाहता हूं कि धर्मेंद्र प्रधान कभी इस्तीफा नहीं देंगे और ना ही सरकार इनको कहेगी कि इस्तीफा दो.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *