अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दिल्ली वालों को अब पुराने कपड़े कूड़े में फेंकने की जरूरत नहीं होगी। वे दिल्ली मेट्रो के 10 स्टेशनों पर बनाए जाने वाले ‘अर्पण’ संग्रह सेंटर्स पर अपने पुराने कपड़े जमा कर सकेंगे। इस पहल की शुरुआत के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में डीएमआरसी, डीएमआरसी लेडीज वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन, राज्य शहरी आजीविका मिशन, टेक्सटाइल रीसाइक्लिंग से जुड़ी संस्था क्लोथ्स बॉक्स फाउंडेशन और रेस्पन के बीच समझौता हुआ।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में पुराने कपड़े दान करने की योजना (ओल्ड क्लोथ्स डोनेशन प्रोजेक्ट) शुरू की जा रही है।
- इसका मकसद पुराने और इस्तेमाल किए गए कपड़ों को लैंडफिल में जाने से रोकना, टेक्सटाइल कचरे को कम करना और रीसाइक्लिंग के जरिए सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देना है।
- उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल टेक्सटाइल कचरा कम करेगी बल्कि लोगों को स्वच्छ और सस्टेनेबल दिल्ली के निर्माण में भागीदार भी बनाएगी।
- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इकट्ठा किए गए कपड़ों से सेल्फ हेल्प ग्रुप्स बैग, सजावटी सामान तैयार करेंगे।
- ज्यादा खराब कपड़ों को रीसाइकल कर नए उत्पाद और कच्चे माल में भी बदला जाएगा।
दिल्ली सरकार द्वारा इन स्टेशनों पर बनेंगे सेंटर: शाहदरा, डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल, मालवीय नगर, हौज खास, द्वारका, मोहन एस्टेट, लाजपत नगर, मयूर विहार फेज-1, पंजाबी बाग वेस्ट और शालीमार बाग मेट्रो स्टेशनों पर अर्पण संग्रह केंद्र बनाए जाएंगे। यहां लोग सुबह 7 से शाम 7 बजे तक अपने पुराने कपड़े दान कर सकेंगे।
