July 15, 2026
delhi-road-repair-spray-injection-patching

अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: राजधानी की जिन सड़कों की हालत जर्जर है, उन सड़कों की रिपेयरिंग स्प्रे इंजेक्शन पैचिंग मेथड से होनी शुरू हो गई। इसका मुआयना पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नई तकनीक से सड़कों की रिपेयरिंग तेजी से होती है और यह टिकाऊ भी है। इस तरह से रिपेयरिंग किसी भी मौसम में की जा सकती है। इससे ट्रैफिक भी ज्यादा प्रभावित नहीं होता है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस विधि से कई स्थानों पर बने पैच या गड्ढों की रिपेयरिंग थोड़े ही समय में की जा सकती है। इस दौरान ट्रैफिक रोकने की जरूरत नहीं है। बल्कि जिस स्थान पर रिपेयरिंग करना है, सिर्फ उसी एरिया में ट्रैफिक रोक कर बाकी हिस्से में ट्रैफिक ऑपरेशनल रखा जा सकता है। साथ ही रिपेयरिंग में लगभग 2 से 3 मिनट का वक्त लगता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए न तो मैनपावर या मजदूरों की जरूरत होती है और न ही ट्रैफिक प्रभावित होता है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह प्लान किया गया है कि दिल्ली में अब बारिश, गर्मी व सर्दी हर समय सड़कों का रिपेयरिंग वर्क जारी रहेगा। बारिश के दौरान भी अगर कहीं सड़कों पर गड्ढे बनते हैं या पैच उखड़ जाता है, तो उसी समय रिपेयरिंग की जाएगी। स्प्रे इंजेक्शन पैचिंग तकनीक में पहले गड्ढों या पैच में भरी धूल-मिट्टी को हाई स्पीड हवा से साफ किया जाता है। इसके बाद बिटुमेन इमल्शन की बॉन्डिंग परत उस गड्ढे या पैच में लगाई जाती है। फिर इमल्शन-लेपित पत्थर को हाई प्रेशर से गड्ढे में भरा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *