अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: अरविंद केजरीवाल ने आप कार्यकर्ताओं की पंप पर ड्यूटी लगा दी है. ड्यूटी के दौरान कार्यकर्ताओं को लोगों का वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए कहा है.
राजधानी में एथेनॉल इ20 पर मचे सियासी घमासान के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आप कार्यकर्ताओं की पंप पर ड्यूटी लगा दी है. ड्यूटी के दौरान कार्यकर्ताओं को लोगों का वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए कहा है.
आप संयोजक ने इ20 को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है. उन्होंने चिट्ठी में लिखा कि जनतंत्र में रहते हैं, जनता की आवाज सुनो. जनता कह रही है कि माइलेज गिर रही है. पार्ट्स खराब हो रहे हैं. वहीं उन्होंने दो मांगे भी रखी हैं. जिसमें कहा कि हर पेट्रोल पंप पर शुद्ध पेट्रोल या इ20 जो लेना चाहें उसके लिए ऑप्शन हो. इसके अलावा इ20 के दाम कम होने चाहिए क्योंकि माइलेज कम है.
अरविंद केजरीवाल ने पीएम से मिलने का समय मांगा
इस बीच अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से मिलने का समय भी मांगा है. उन्होंने कहा, “जनता से संपर्क में हूं. जनता क्या महसूस कर रही है. ये समझाने के लिए समय मांगा है.” केजरीवाल ने इस दौरान देश भर में पिटिशन शुरू की है. नागरिकों की तरफ से पीएम के नाम चिट्ठी लिखी है. उन्होंने आगे कहा कि रविवार (12 जुलाई) को सर्विस स्टेशन और पेट्रोल पंप पर गया था.
केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के लोग पेट्रोल पंप और सर्विस स्टेशन पर जाएं. वहां जाकर लोगों के वीडियो बनाएं और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करें. जो लोग इस मुद्दे से दुखी हैं, वे सोशल मीडिया पर वीडियोज डालें. मुद्दे को लेकर वीडियो से सोशल मीडिया को भर दें. लोगों और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए केजरीवाल ने कहा, “हमें अपने अनुभव साझा करें, दूसरों के वीडियो बनाएं.
केजरीवाल ने इ20 को लेकर शुरू किया सिग्नेचर अभियान
देशभर में इ20 पेट्रोल को लेकर बढ़ती नाराजगी के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार (14 जुलाई) को ‘स्टॉप इ20 पेट्रोल’ ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान शुरू किया. StopE20petrol.com के जरिए लोग प्रधानमंत्री के नाम याचिका पर हस्ताक्षर कर अपनी आवाज दर्ज करा सकते हैं.
केजरीवाल ने कहा कि सरकार बिना पूरी तैयारी के इ20 पेट्रोल देश पर थोप रही है, जबकि लाखों वाहन मालिक माइलेज घटने, इंजन में खराबी और बढ़ते खर्च की शिकायत कर रहे हैं. इसके बावजूद सरकार लोगों की चिंताओं को सुनने के बजाय सब कुछ सामान्य बताने में लगी है.
केजरीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की बात सुनना सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन मोदी सरकार लोगों को कोई विकल्प देने को तैयार नहीं है. लोग पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल, इ10 और इ20 तीनों का विकल्प चाहते हैं, ताकि अपनी जरूरत के हिसाब से ईंधन चुन सकें. लेकिन सरकार इसे भी मानने से इनकार कर रही है.
गाड़ियों का खर्च बढ़ रहा है- अरविंद केजरीवाल
उन्होंने कहा कि इ20 पेट्रोल की ऊर्जा क्षमता कम होने से माइलेज भी कम होता है, फिर भी इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल के बराबर या उससे कम नहीं की जा रही. इससे आम और मध्यम वर्ग पर दोहरी मार पड़ रही है. एक तरफ गाड़ियों का खर्च बढ़ रहा है, दूसरी तरफ ईंधन पर भी ज्यादा पैसा देना पड़ रहा है.
पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाकर लोगों से बातचीत के दौरान भी बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने माइलेज घटने, फ्यूल पंप, इंजेक्टर और इंजन संबंधी समस्याओं की शिकायत की. कई लोगों ने बताया कि पहले के मुकाबले अब गाड़ियों की सर्विस और मरम्मत का खर्च काफी बढ़ गया है.
‘लोगों को चुनने का विकल्प दिया जाए’
केजरीवाल ने कहा कि अगर सरकार को इ20 लागू करना ही है तो कम से कम लोगों को शुद्ध पेट्रोल और इ20 दोनों का विकल्प दिया जाए और इ20 की कीमत भी कम की जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है और उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है.
इसी उद्देश्य से शुरू किए गए ‘स्टॉप इ20 पेट्रोल’ अभियान में देशभर के लोगों से अपील की गई है कि वे StopE20petrol.com पर जाकर हस्ताक्षर करें और सरकार से मांग करें कि बिना तैयारी इ20 पेट्रोल थोपना बंद किया जाए, लोगों को विकल्प दिया जाए और उनकी चिंताओं का सम्मान किया जाए.
सीजेपी प्रदर्शन में सोनम वांगचुक के प्रदर्शन पर क्या कहा?
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में सोनम वांगचुक अनशन पर बैठे हैं. इसको लेकर केजरीवाल ने कहा, “सोनम वांगचुक की तबीयत खराब हो रही है. हम इस धरने का समर्थन करते हैं. धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए. सोनम वांगचुक से निवेदन है कि आप अपनी भूख हड़ताल बंद कर दीजिए.” केजरीवाल ने आगे कहा, “मैं गुरुवार (16 जुलाई) को शाम 5 बजे उनके पास मिलने जाऊंगा.
