September 18, 2026
DUSU

अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के चार केंद्रीय पदों और महाविद्यालय प्रतिनिधियों के चुनाव को लेकर वोटिंग शुरू हो चुकी है। इस चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और अखिल भारतीय छात्र संघ (आइसा)-स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला है। अधिकारियों ने बताया कि जिन विद्यार्थियों की क्लास दिन के समय हैं, वे दिन में एक बजे तक मतदान कर सकेंगे। वहीं इवनिंग क्लास आयोजित करने वाले महाविद्यालयों में दिन के तीन बजे से शाम साढ़े सात बजे तक मतदान होगा। जान लीजिए हर बड़े अपडेट्स।

डूसू चुनाव में ईवीएम से वोटिंग

दिल्ली यूनिवर्सिटी के अधिकारियों के अनुसार, डूसू चुनाव के लिए कुल 1,000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इनमें से 960 ईवीएम का इस्तेमाल मतदान के लिए किया जाएगा। 40 ईवीएम को आरक्षित रखा गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी राज किशोर शर्मा ने बताया कि वोटिंग के दौरान 12 नियंत्रण कक्ष काम करते रहेंगे। ईवीएम में किसी तरह की तकनीकी खराबी आने पर उसे दूर करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने की है खास तैयारी

राज किशोर शर्मा ने कहा कि मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को पुलिस की सुरक्षा में ‘नॉर्थ कैंपस’ स्थित ‘यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम’ के बहुद्देश्यीय सभागार ले जाया जाएगा। शनिवार को मतगणना के समय मशीन खोली जाएंगी। छात्र कल्याण, परिसर में सुविधाएं, छात्रावास में रहने की व्यवस्था और सुरक्षा डूसू चुनाव प्रचार के प्रमुख मुद्दों के रूप में उभरे हैं।

सत्य निकेतन हादसे की गूंज इस चुनाव में

सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद छात्रों की सुरक्षा और उनके रहने की व्यवस्था चुनाव का एक अहम मुद्दा बन गया है। इस हादसे में विद्यार्थियों समेत सात लोगों की मौत हो गई थी। विश्वविद्यालय ने चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर छात्र मार्ग, प्रोबिन रोड और विश्वविद्यालय मार्ग समेत प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, ये पाबंदियां शुक्रवार और शनिवार को नतीजों की घोषणा होने तक लागू रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *