September 18, 2026
Najafgarh MCD Jone

अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने नई दिल्ली में 15,00,000 रुपये की रिश्वत के लेन-देन का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिल्ली नगर निगम (MCD) के विज्ञापन विभाग में अवैध तरीके से होर्डिंग, बिलबोर्ड और LED डिस्प्ले लगाने की अनुमति देने के एवज में ली जा रही घूस के मामले में की गई है।

आरोपियों की हो चुकी पहचान

मामले में सीबीआई ने तीन आरोपियों को रंगेहाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साउथ और नजफगढ़ जोन के विज्ञापन विभाग में तैनात सीनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट अनिल कुमार, मैसर्स नक्स क्रिएटर्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अनंत कुमार शर्मा, मैसर्स नक्स क्रिएटर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि दिलीप पटेल के रूप में हुई है।

आरोपियों पर क्या है आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, MCD अधिकारी और निजी कंपनी के बीच टेंडर खत्म होने के बावजूद अवैध रूप से विज्ञापन होर्डिंग्स चलाने का सौदा हुआ था। आरोपियों पर आरोप है कि वे भारी रिश्वत लेकर न केवल समय सीमा खत्म हो चुके टेंडरों को आगे बढ़ा रहे थे, बल्कि स्वीकृत सीमा से अधिक संख्या में बिलबोर्ड और LED डिस्प्ले लगाने की भी गैर-कानूनी अनुमति दे रहे थे।

कैसे हुआ घटना का खुलासा

CBI को गुप्त सूचना मिली थी कि MCD के साउथ और नजफगढ़ जोन में बड़े पैमाने पर अवैध विज्ञापनों का खेल चल रहा है। इस आधार पर CBI ने जाल बिछाया और 15 लाख रुपये की रिश्वत का लेन-देन होते ही तीनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल CBI इस मामले से जुड़े अन्य अधिकारियों और विज्ञापनों के अवैध नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *