अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: यश डबास दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं। डूसू चुनाव 2026 में वह बैलेट नंबर 7 पर चुनाव लड़ रहे हैं। वह पिछले लगभग 6 वर्षों से ABVP के कार्यकर्ता के रूप में छात्र समुदाय के बीच सक्रिय हैं। टिकट मिलने के बाद यश डबास सोशल मीडिया पर एक विवाद में भी घिरे रहे हैं। छात्र राजनीति में आने से पहले उनकी मुख्य पहचान एक अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी के रूप में रही है। तो चलिए विस्तार से जानते हैं कि आखिर यश डबास कौन हैं? किस मुद्दे पर विवादों में रहे हैं? इनकी पढ़ाई लिखाई कहां से हुई है?
यश डबास कौन हैं?
ABVP ने यश डबास रो दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2026 (डूसू) में अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है। वह दिल्ली के कंझावला इलाके के रहने वाले हैं। डूसू चुनाव 2026 में वह बैलेट नंबर 7 पर चुनाव लड़ रहे हैं। यश डबास को चुनाव में मजबूत उम्मीदवार के रूप में माना जा रहा है। यस डबास के खिलाफ NSUI ने विजय शंकर मीणा को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है। यश डबास ने कैंपस में सुधार के लिए छात्रों के सामने कई अहम मुद्दे रखे हैं।
इंटरनेशनल खिलाड़ी से छात्र राजनीति तक का सफर
यश डबास छात्र राजनीति में आने से पहले इंटरनेशनल टेनिस खिलाड़ी भी रह चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, स्पेन और सर्बिया जैसी जगहों पर आयोजित प्रतिष्ठित ITF (इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन) प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इसके अलावा उन्होंने खेलो इंडिया, सीबीएसई नेशनल्स और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भी हिस्सा लिया है। इसके बाद अब वह छात्र राजनीति में किस्मत आजमा रहे हैं।
कितने पढ़े लिखे हैं यश डबास?
यश डबास ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की डिग्री ली है। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के बुद्धिस्ट स्टडीज विभाग से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं।
यश डबास मार्कशीट को लेकर विवादों में रहे
डूसू चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर यश डबास की एक कथित मार्कशीट वायरल हुई, जिसके आधार पर एनएसयूआई समेत अन्य छात्र संगठन ने उनके शैक्षणिक रिकॉर्ड और अंकों पर सवाल उठाए। हालांकि, एबीवीपी ने साफ-साफ इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। एबीवीपी ने इस मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि चुनाव से ठीक पहले उनकी लोकप्रियता को नुकसान पहुंचाने के लिए यह अभियान चलाया गया है।
यश डबास ने छात्रों के लिए कई मुद्दे उठाए
यश डबास ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए उन्होंने कैंपस और गर्ल्स कॉलेजों के बाहर पिंक बूथ, 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने और ‘वामिका’ वैन तैनात करने जैसे मुद्दों व सुरक्षा उपायों पर जोर दिया है। छात्रों की समस्याओं का ठोस परिणाम और समाधान देने की बात कही है। उन्होंने छात्रों के रहने के लिए सुरक्षित और किफायती जगह देने की बात कही है।
