July 22, 2026
Vadodara News Fireworks

बीसीआर न्यूज़/वडोदरा, गुजरात: वडोदरा के तरसाली क्षेत्र के एक पटाखा व्यापारी को सस्ते दाम पर तत्काल माल सप्लाई करने का झांसा देकर ₹98 हजार की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले खुद को राजकोट का व्यापारी बताया, फिर व्हाट्सएप पर बिल भेजकर विश्वास जीता और अपने दो लोगों को व्यापारी के घर भेजकर नकद रकम ले ली। रकम लेने के बाद न तो पटाखों की डिलीवरी की गई और न ही पैसे लौटाए गए। मामले में मांजलपुर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, तरसाली के धनियावी क्षेत्र निवासी और पटाखा व्यवसायी अरविंद खैरे ने 14 फरवरी को अन्य व्यापारियों से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर रॉयल पटेल नामक व्यक्ति से संपर्क किया था। रॉयल पटेल ने स्वयं को राजकोट का पटाखा व्यापारी बताते हुए तत्काल माल उपलब्ध कराने का भरोसा दिया और व्हाट्सएप के माध्यम से ₹98 हजार का बिल भेज दिया।

अरविंद खैरे ने बैंक खाते में भुगतान करने की बात कही तो रॉयल पटेल ने शनिवार और रविवार को बैंक बंद होने का बहाना बनाकर नकद रकम अपने व्यक्ति राकेश पटेल को देने के लिए कहा। इसके बाद राकेश पटेल ने फोन कर अरविंद खैरे से उनके घर की लोकेशन मंगवाई।

उसी शाम दो अज्ञात व्यक्ति अरविंद खैरे के घर पहुंचे। राकेश पटेल ने फोन पर पुष्टि की कि दोनों उसके ही भेजे हुए लोग हैं। इस पर विश्वास कर अरविंद खैरे ने उन्हें ₹98 हजार नकद दे दिए। हालांकि रकम लेने के बाद भी पटाखों की सप्लाई नहीं की गई।

इसके बाद व्यापारी ने कई बार रॉयल पटेल से संपर्क कर माल भेजने की मांग की, लेकिन आरोपी लगातार अलग-अलग बहाने बनाकर टालता रहा। इसी दौरान अरविंद खैरे का सड़क हादसा हो गया, जिसके कारण वे तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके।
बाद में मांजलपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने रॉयल पटेल, राकेश पटेल समेत तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

रिपोर्टर: क्रुणाल पटेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *