August 12, 2026
Whiskey in Vadodara

बीसीआर न्यूज़/वडोदरा, गुजरात: वडोदरा शहर के उमा चार रास्ते के पास क्राइम ब्रांच ने विदेशी शराब से भरी एक कार पकड़कर गोरवा निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले से शराब की खेप लेकर गोरवा क्षेत्र में बिक्री के लिए आ रहा था। पुलिस ने शराब सप्लायर को वांछित घोषित कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कोमार के निर्देश पर शहर में विदेशी शराब की तस्करी और अवैध बिक्री रोकने के लिए क्राइम ब्रांच लगातार अभियान चला रही है। इसी दौरान मिली पुख्ता सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने उमा चार रास्ते से महावीर हॉल जाने वाले मार्ग पर निगरानी रखी।

कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार चला रहे गोरवा निवासी निलेश रमेश राठवा को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान चालक सीट, पिछली सीट और डिक्की में छिपाकर रखी गई 430 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह शराब मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले के रायछा गांव निवासी रमेश डावर से खरीदी थी और वडोदरा के गोरवा इलाके में अवैध रूप से बेचने के लिए ला रहा था।

क्राइम ब्रांच ने आरोपी के कब्जे से विदेशी शराब, कार और मोबाइल फोन सहित करीब 3.95 लाख रुपये का मुद्दामाल जब्त कर लिया है। पुलिस ने फरार सप्लायर रमेश डावर को वांछित घोषित कर उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्टर: क्रुणाल पटेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *