July 22, 2026
Vadodara News

वडोदरा में सार्वजनिक परिवहन में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाने वाली चोरी की एक और घटना सामने आई है। 65 वर्षीय महिला महुधा से लौटकर सेंट्रल बस स्टैंड से गोरवा जाने के लिए ऑटो में बैठी थीं। इसी दौरान साथ बैठी दो अज्ञात महिलाओं ने उनकी नजर बचाकर बैग से पर्स चोरी कर लिया। पर्स में करीब 20 ग्राम वजनी, लगभग 1 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन रखी हुई थी। गोरवा पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

बीसीआर न्यूज़/वड़ोदरा, गुजरात: गोरवा के तुलसी कॉम्प्लेक्स, सहयोग क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय हंसाबेन किशोरभाई शर्मा ने गोरवा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह 19 जुलाई को अपनी बहन गीताबेन के साथ महुधा में एक शोकसभा में गई थीं। लौटते समय महुधा बस स्टैंड पर उन्होंने गले में पहनी करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन उतारकर एक छोटे पर्स में रख दी थी।

इसके बाद दोनों बहनें बस से वडोदरा सेंट्रल बस स्टैंड पहुंचीं और वहां से गोरवा शाक मार्केट जाने के लिए ऑटो रिक्शा में बैठीं। ऑटो में उनके साथ दो अज्ञात महिलाएं भी सवार थीं।

गोरवा शाक मार्केट के पास उतरने के बाद जब उन्होंने अपना बैग देखा तो उसमें रखा छोटा पर्स गायब था। पर्स में करीब 20 ग्राम वजनी, लगभग 1 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन रखी हुई थी।

महिला को संदेह है कि ऑटो में साथ बैठी दोनों महिलाओं ने उनकी नजर बचाकर बैग से पर्स निकाल लिया। गोरवा पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्टर: क्रुणाल पटेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *