July 2, 2026
Lady Don Anuradha Chaudhary with Twins Doughter

अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार व संपादक)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्लीः चर्चित लेडी डॉन अनुराधा चौधरी और कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी माता-पिता बन गए हैं। कल अनुराधा ने गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में जुड़वा बेटियों को जन्म दिया। जिस पर काला जठेड़ी को मानवीय आधार पर चार घंटे की कस्टडी पैरोल मिल गई। इस दौरान वह अपनी पत्नी और बेटियों से मिला। दिल्ली पुलिस की न्यायिक अभिरक्षा वाहिनी सुरक्षा के कड़े पहरे में उसे गुड़गांव के अस्पताल लेकर पहुंची। पुलिस सूत्र का कहना था कि लंच से पहले ही चार घंटे की कस्टडी पैरोल खत्म हो जाएगी, जिसके बाद जठेड़ी को वापस जेल ले जाया जाएगा।

IVF से हुआ बच्चियों का जन्म, काला जठेड़ी के वकील की ओर से कोर्ट में दायर की गई पैरोल याचिका के अनुसार, अनुराधा चौधरी की यह गर्भावस्था IVF प्रक्रिया के माध्यम से हुई थी, जिसके लिए सक्षम अदालत से पहले ही अनुमति ली जा चुकी थी। हाल ही में मेडिकल इमरजेंसी और कुछ स्वास्थ्य जटिलताओं के चलते डॉक्टरों को सिजेरियन (ऑपरेशन) डिलीवरी करानी पड़ी, जिसके बाद अनुराधा ने दो जुड़वा बेटियों को जन्म दिया।

बताया गया है कि प्रसव के दौरान अनुराधा की तबीयत काफी बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें और दोनों नवजात बच्चियों को डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रोहिणी कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल वेरिफिकेशन रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि होने के बाद कि मां और बच्चे दोनों अस्पताल में उपचाराधीन हैं, कोर्ट ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए काला जठेड़ी की पैरोल की अर्जी को स्वीकार कर लिया। आज भारी सुरक्षा के बीच जठेड़ी को अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी पत्नी और बच्चे थे। फ़िलहाल मां और नवजात डॉक्टरों की देखरेख में हैं और स्वस्थ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *