अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों की यात्रा, उसकी विचारधारा, संगठनात्मक विकास, सामाजिक जीवन में योगदान तथा व्यक्ति निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित पुस्तक “RSS @100” पर आज राजधानी दिल्ली के पीतमपुरा में भारत विकास परिषद के सभागार में एक भव्य परिचर्चा का आयोजन संस्था “हम एक नई शुरुआत” द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक एवं बौद्धिक क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। खचाखच भरे सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पुस्तक के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई और उपस्थित श्रोताओं ने भी विषय में गहरी रुचि दिखाई।
गौरतलब है कि इस पुस्तक का हाल ही में भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा विमोचन किया गया था।
कार्यक्रम का सफल संचालन पीतमपुरा वार्ड-57 के निगम पार्षद अमित नागपाल ने किया। अपने संबोधन में पुस्तक के लेखक एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में पिछले एक शताब्दी से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री, उपराष्ट्रपति सहित विभिन्न मंत्रालयों में अनेक स्वयंसेवक राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।
पुस्तक के सह-लेखक अनुपम त्रिवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर समय-समय पर समाज में अनेक प्रकार के भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया, लेकिन संघ ने अपने सेवा कार्यों, राष्ट्रहित और संगठनात्मक मूल्यों के माध्यम से सदैव समाज का विश्वास अर्जित किया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजकुमार भाटिया ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को ऐश, तैश और कैश से बचते हुए केवल राष्ट्रहित और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तिलकराज कटारिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए अखंड भारत की अवधारणा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया जैसे अनेक मुस्लिम देशों ने इस्लाम धर्म अपनाने के बावजूद अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और ऐतिहासिक जड़ों से जुड़ाव बनाए रखा है, जो अपनी विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्था “हम एक नई शुरुआत” की अध्यक्षा विभा नागपाल ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे बौद्धिक संवाद समाज में सकारात्मक चिंतन को बढ़ावा देते हैं और नई पीढ़ी को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन,श्री वेद जी जिला संघचालक,दिल्ली नगर निगम शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा,मंडल अध्यक्ष नितीश जैन ,राजकुमार बग्गा,पूर्व निगम पार्षद अंजू जैन सहित सामाजिक, राजनीतिक एवं बौद्धिक जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वन्दे मातरम, समापन राष्ट्र गान के साथ राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और सकारात्मक संवाद के संकल्प के साथ हुआ।
