August 3, 2026
Delhi Laxmi Yojna by CM Rekha Gupta on BCR News

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: राजधानी की महिलाओं के लिए अच्छी खबर आई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने आज (शनिवार) (पूर्वी दिल्ली जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से) बहुप्रतीक्षित ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ (Delhi Laxmi Yojana) के पंजीकरण पोर्टल का शुभारंभ किया. इसके साथ ही योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र महिलाओं की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि दिल्ली सरकार ने जनता से किया अपना एक और बड़ा संकल्प पूरा कर दिया है. इससे राजधानी की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी.

महिलाओं को कैसे मिलेंगे 2500 रुपये?

‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इस राशि का भुगतान दो अलग-अलग हिस्सों में किया जाएगा. 1000 रुपये डिजिटल वॉलेट करेंसी (Digital Wallet Currency) के रूप में दिए जाएंगे, ताकि महिलाएं अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर सकें. 1500 रुपये रिकरिंग फिक्स्ड डिपॉजिट (Recurring Fixed Deposit – RD) के जरिए जमा किए जाएंगे, जो उनके सुरक्षित भविष्य के लिए एक आर्थिक बैकअप बनेगा.

योजना का दायरा और बजट

दिल्ली सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए ₹5,100 करोड़ का भारी-भरकम फंड निर्धारित किया है. अनुमान है कि राजधानी की करीब 17 लाख पात्र महिलाओं को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा.

कैसे करें रजिस्ट्रेशन?

रेखा गुप्ता ने बताया कि आज से सभी पात्र महिलाएं योजना की आधिकारिक वेबसाइट dly.delhi.gov.in पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण (Registration) करा सकती हैं. पोर्टल लॉन्च के अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिल्ली की सभी बहनों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा, “दिल्ली सरकार अपने वादों को पूरा करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. यह योजना महिलाओं को सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ अपनी जरूरतें पूरी करने में सक्षम बनाएगी. हम महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं.”

रिपोर्ट: रचना शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *