July 3, 2026
Alisha Kand

अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार व संपादक)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: आपको बता दें कि पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल और सिया गोयल का मामला अभी चर्चा में ही है। वहीं दूसरी ओर दिल्ली से एक मामला सामने आया है। जिसमें शादी के महज 7 महीने बाद ही पत्नी ने दुपट्टे से गला घोंट पति की हत्या कर दी। शाहदरा जिले के जगतपुरी इलाके में शादी के बाद अन्य किसी से संबंध होने के शक में पति अपनी पत्नी का मोबाइल चेक कर रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। तभी देर रात पत्नी ने दुपट्टे से पति की गला दबाकर हत्या कर दी।

मृतक की पहचान मुस्तकीम उर्फ साहिल के तौर पर हुई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पत्नी अलीशा (20) को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल दुपट्टा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

शाहदरा जिला के DCP राजेन्द्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 2 जुलाई की तड़के 3:52 बजे जगतपुरी पुलिस को PCR कॉल प्राप्त हुई। सूचना दी गई कि राशिद मार्केट, दिल्ली में एक महिला ने अपने पति का गला घोंट दिया है। सूचना मिलते ही ASI हेमंत पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मुस्तकीम उर्फ साहिल (19) अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तुरंत डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मुस्तकीम की मां की शिकायत पर 2 जुलाई को हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने छापेमारी कर अलीशा को एक गुरुद्वारे से गिरफ्तार किया। लगातार पूछताछ के बाद उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

आरोपी ने बताया कि उसके पति को उस पर विवाहेतर संबंध होने का शक था। इसी कारण उसने रात में उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर उसमें सबूत तलाशने शुरू कर दिए। इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। अलीशा के अनुसार, बहस के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की। गुस्से में आकर उसने पति का अपने दुपट्टे से गला घोंट दिया। कुछ देर बाद मृतक की मां कमरे में पहुंची तो वह मौके से फरार होकर एक गुरुद्वारे में छिप गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुस्तकीम डिलीवरी बॉय का काम करता था। पिछले साल 13 दिसंबर को उसकी और अलीशा की शादी धूमधाम से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच हर दिन झगड़ा होता रहता था। झगड़े के कारण अलीशा ससुराल से अधिक अपने मायके में ही आकर रहती थी। इस कारण मुस्तकीम अपनी पत्नी पर शक भी करता था।

गत सोमवार को ही अलीशा मायके से वापस लौटी थी। गुरुवार तड़के रिश्ते को लेकर फिर दोनों के बीच पहले बहस हुई और फिर झगड़ा होने लगा। झगड़े में मुस्तकीम ने अलीशा की पिटाई करनी शुरू कर दी। इस बात से नाराज अलीशा ने दुप्पटे से गला दबाकर मुस्तकीम की हत्या कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *