अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के साउथ डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ बड़े ड्रग रैकेट का पर्दाफाश किया है। भारत और नेपाल सीमा से जुड़ा यह इंटरनेशनल ड्रग तस्करी नेटवर्क चलाया जा रहा था। इसका पर्दाफाश करते हुए तीन नेपाली नागरिकों को भी गिरफ्तार किया है। और उनके पास से लगभग 9 करोड़ के 8 किलो 598 ग्राम हाई क्वालिटी का चरस बरामद किया गया है।
एसीपी रितु राज की देखरेख में स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर अनुज कुमार की टीम को एक सूचना मिली थी, जिसके बाद कोटला मुबारकपुर में एक आवास पर छापा मारा गया। वहीं से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्तकर तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया है। जिसके बाद कोटला मुबारकपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ज्योति पुन मगर (मुख्य सप्लायर), भरत थापा और गोविंद के रूप में हुई है। ये सभी मूल रूप से नेपाल के रहने वाले हैं। इनमें से पुलिस ने ज्योति पुन मगर से 5 किलो 566 ग्राम, भरत थापा से 1 किलो 552 ग्राम और गोविंद से 1 किलो 480 ग्राम चरस बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि यह गैंग सोनौली बॉर्डर से चरस लाकर दिल्ली-एनसीआर में व्हाट्सएप के जरिए आर्डर लेता था और डिलीवरी के लिए ऑटो और बाइक टैक्सी का इस्तेमाल करता था। पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी हर ट्रांजैक्शन के बाद चैट डिलीट कर देते थे और भुगतान डिजिटल बैंकिंग के माध्यम से लेते थे।
डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, पुलिस अब डिजिटल सबूतों और लेन-देन की जांच कर रही है। जिससे इस पूरे सिंडिकेट के मुख्य नेटवर्क और नेपाल स्थित सप्लायर का पता लगाकर इसे पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
