August 2, 2026
Karala Murder

अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: कंझावला के कराला गांव में गुरुवार देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस इस वारदात को गैंगवॉर और आपसी रंजिश से जोड़कर देख रही है। मृतक की पहचान हरीश (37) के रूप में हुई है। सूत्रों के मुताबिक, हरीश पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गोगी गैंग के सदस्यों से करीबी की बात भी सामने आई है। डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।

क्या था पूरा मामला?

रोहिणी डिस्ट्रिक्ट के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हरीश गुरुवार रात करीब 11 बजे ऑफिस बंद करके घर जा रहे थे। तभी बाइक सवार तीन बदमाश आए और कई राउंड फायरिंग की। हरीश को 4 गोलियां लगीं। हरीश को अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। कंझावला थाना पुलिस, जिले के वरिष्ठ अधिकारी और फरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

टिल्लू गैंग ने ली जिम्मेदारी

हत्या के कुछ समय बाद टिल्लू गैंग से जुड़े कुछ बदमाशों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। सूत्रों के मुताबिक, टिल्लू ताजपुरिया गैंग से जुड़ा चिकू धनखड़ परोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन परोल समाप्त होने के बाद भी उसने सरेंडर नहीं किया। पुलिस को शक है कि उसी ने शूटर भेजकर हत्या को अंजाम दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *