गांजा, बर्गमैन स्कूटर और मोबाइल समेत ₹1.30 लाख से अधिक का सामान जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।
बीसीआर न्यूज़/वड़ोदरा, गुजरात || वडोदरा शहर में नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगाम कसने के लिए समा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.715 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, बर्गमैन स्कूटर और मोबाइल फोन समेत ₹1.30 लाख से अधिक का मुद्दामाल जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, समा पुलिस स्टेशन के पीआई यू.एच. वसावा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सहेली पार्क सोसायटी के पास व्रज वाटिका के सामने सार्वजनिक सड़क पर एक बर्गमैन स्कूटर सवार युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। उसे रोककर तलाशी लेने पर स्कूटर की डिक्की से तीन अलग-अलग पैकेटों में कुल 1.715 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। एफएसएल अधिकारी द्वारा मौके पर किए गए प्राथमिक परीक्षण में बरामद पदार्थ गांजा होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपी विपुल दीपक राठवा (निवासी: सहेली पार्क सोसायटी, समा) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग ₹85,000 कीमत का गांजा, ₹40,000 कीमत का बर्गमैन स्कूटर और ₹5,000 का मोबाइल फोन जब्त किया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी चोरी, शराबबंदी कानून (प्रोहिबिशन एक्ट) के उल्लंघन, शराब से जुड़े मामलों तथा अन्य कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। फिलहाल समा पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
Report: Krunal Patel
