पीपलेश्वर मंदिर के पास बुजुर्ग महिला से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ₹3.19 लाख का माल बरामद
बीसीआर न्यूज़/वड़ोदरा, गुजरात || वडोदरा शहर क्राइम ब्रांच ने वरिष्ठ नागरिकों को झांसे में लेकर उनके सोने के आभूषण ठगने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर आजवा चौकड़ी रात्रि बाजार के पास से संदिग्ध हालत में होंडा शाइन मोटरसाइकिल पर सवार सादेकहसन अलीमुद्दीन शाह (48), निवासी उत्तराखंड को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पीपलेश्वर महादेव मंदिर के पास एक बुजुर्ग महिला को यह कहकर विश्वास में लिया कि “आपके बेटे पर संकट है, सोना लक्ष्मी का स्वरूप है।” इसके बाद उसने महिला से सोने की दो चूड़ियां और एक अंगूठी उतरवाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोने की चूड़ियां, एक सोने की अंगूठी, एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और नकद राशि सहित कुल ₹3,19,262 का माल बरामद किया है।
इस मामले में रावपुरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बिहार में भी पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं, उसका साथी इल्यास मोहम्मद हकीमी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
Report: Krunal Patel
