July 25, 2026
Gujarat News on BCR News

बीसीआर न्यूज़/वडोदरा, गुजरात: वडोदरा में अब सरकारी संपत्तियां भी चोरों के निशाने पर आ गई हैं। आजवा चौकड़ी के पास स्थित गुजरात जलापूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के मैकेनिकल स्टोर में अज्ञात चोरों ने पीछे की लोहे की जाली तोड़कर प्रवेश किया और करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के वाल्व के स्पेयर पार्ट्स चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, स्टोर की सुरक्षा का जिम्मा सूरत की मेसर्स जालाराम सिक्योरिटी सर्विसेज के पास है, जहां तीन शिफ्टों में सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। इसके बावजूद चोर स्टोर के पिछले हिस्से से लोहे की जाली तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने अंदर से खिड़की खोलकर अपर वाल्व असेंबली, लोअर वाल्व असेंबली, चेक वाल्व गाइड, चेक वाल्व सीट और मॉडिफाइड स्पेसर सहित करीब 1.50 लाख रुपये के स्पेयर पार्ट्स चार प्लास्टिक बैग में भरकर चोरी कर लिए।

17 जुलाई को बोर्ड के कर्मचारी जब स्टोर पहुंचे तो सामान गायब मिला। जांच के दौरान पीछे की टूटी हुई जाली देखकर चोरी का खुलासा हुआ। शिकायत में बताया गया है कि स्टोर सुनसान क्षेत्र में स्थित है और आसपास घनी झाड़ियां होने के कारण रात में प्रभावी गश्त करना मुश्किल होता है, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। इस संबंध में सिक्योरिटी एजेंसी के कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट: क्रुणाल पटेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *