वडोदरा शहर में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरवा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गोटरी क्षेत्र में छापेमारी कर एक महिला को 242.68 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से गांजा, स्कूटी, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल ₹47,934 का मुद्देमाल जब्त कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीसीआर न्यूज़/वड़ोदरा, गुजरात: वडोदरा शहर के पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कोमार, सेक्टर-1 के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. सुधीर देसाई, जोन-1 के डीसीपी जगदीश चावड़ा तथा ‘बी’ डिवीजन के एसीपी आर.डी. कवाणा के निर्देशानुसार युवाओं को नशे से दूर रखने और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत गोरवा पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक के.एन. लाठिया के मार्गदर्शन में सर्विलांस स्टाफ को सूचना मिली कि संतोषनगर स्थित जय माताजी प्रोविजन स्टोर के पास एक महिला सफेद रंग की एक्टिवा (GJ-06-KA-6685) की डिक्की में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापा मारकर बकुलाबेन रमेशचंद्र चतुर्वेदी (54), निवासी तक्षशिला-2, तोरण सोसायटी के पास, गोटरी, वडोदरा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी से 242.68 ग्राम गांजा (कीमत ₹12,134), एक वीवो मोबाइल फोन (कीमत ₹5,000), ₹800 नकद तथा ₹30,000 कीमत की एक्टिवा बरामद की गई। कुल ₹47,934 का मुद्देमाल जब्त किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गांजे की आपूर्ति ‘सुरती’ नामक एक व्यक्ति द्वारा की जाती थी, जो वर्तमान में फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
गोरवा पुलिस ने इस मामले में NDPS एक्ट की धारा 8(सी), 20(बी)(ii)(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार महिला के खिलाफ वर्ष 2020 में हरणी पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार सप्लायर की तलाश में जुटी हुई है।
रिपोर्टर: क्रुणाल पटेल
