October 25, 2026
Screenshot 2026-10-25 001111

अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)

बीसीआर न्यूज़/नोएडा/नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-126 में शनिवार को करीब 6 दुकानों में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। तलाशी अभियान के दौरान एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दुकानों के अंदर बड़ी संख्या में LPG सिलेंडर मिलने के बाद राहत और बचाव कार्य के दौरान विशेष सतर्कता बरती गई। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

आग पर पाया गया काबू, तलाशी के दौरान मिला शख्स

नोएडा के ADCP अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग को नियंत्रित किया। इलाके की तलाशी के दौरान एक व्यक्ति बेहोश मिला। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दुकानों के अंदर मिले बड़ी संख्या में LPG सिलेंडर

नोएडा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर बड़ी संख्या में LPG सिलेंडर मिले हैं। दमकलकर्मी इस स्थिति से निपटने के साथ-साथ तलाशी और बचाव अभियान भी चला रहे हैं। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति परिसर के अंदर फंसा तो नहीं है। फिलहाल आग लगने की वजह और दुकानों को हुए नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

कुछ दिन पहले नॉलेज पार्क-3 में लगी थी आग

बता दें कि कुछ दिन पहले ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में शारदा यूनिवर्सिटी के पीछे IGL की गैस पाइपलाइन लीक होने से भीषण आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों और IGL की टीम ने गैस की सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाने की कोशिश की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *