अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: अयोध्या स्थित विश्वप्रसिद्ध राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद से ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत कई जिम्मेदार अधिकारियों ने इस्तीफा दिया. अब ट्रस्ट के लिए CEO की नियुक्ति की जानी है जिसके लिए देशभर से आवेदन मांगे गए हैं. इसके लिए अब उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने भी अप्लाई किया है.
पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र द्वारा विज्ञापित मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद के लिए आवेदन किया है. अपने आवेदन में उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा एवं लोक प्रशासन में लगभग तीन दशकों के अनुभव सहित सुरक्षा प्रबंधन, सतर्कता, विधिक एवं प्रशासनिक मामलों, कार्मिक प्रशासन तथा संस्थागत समन्वय के अनुभव का उल्लेख किया है.
आवेदन में अमिताभ ठाकुर ने खुद को हिन्दू सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से संबद्ध बताते हुए भारतीय धार्मिक एवं दार्शनिक परम्पराओं तथा भगवान श्रीराम के मर्यादा, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के आदर्शों के प्रति अतीव सम्मान होने की बात कही है.
उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव, योग्यता और पारदर्शिता के क्षेत्र में कार्यों के आधार पर उनकी अभ्यर्थिता पर विचार करते हुए चयन प्रक्रिया में सम्मिलित किये जाने का अनुरोध किया है.
बता दें बीते महीने 5 जून को पहली बार राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की पहली जानकारी सार्वजनिक हुई थी. इसके बाद इसपर जमकर सियासत हुई. चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफा हुआ और बाद में ट्रस्ट ने एक बैठक में फैसला किया कि प्रबंधन के ढांचे में आमूलचूल बदलाव होगा. जिसके बाद यह फैसला लिया गया कि किसी सेवानिवृत्त अधिकारी को सीईओ नियुक्त किया जाएगा. यह सलाह पहली बार राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने दी थी.
ट्रस्ट से सोमवार को अपने अधिकृत सोशल मीडिया एक्स के अकाउंट पर आवेदन आमंत्रित किए हैं. आवेदकों के साक्षात्कार 18 जुलाई को शाम 4 बजे होंगे.
