September 18, 2026
Modi King

अजय शास्त्री (संपादक)

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के पलक्कड में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और वामदलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और वामदल जहां भी सत्ता में आते हैं, सब कुछ बर्बाद कर देते हैं।

बीसीआर न्यूज़/पलक्कड: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए पलक्कड चुनाव प्रचार किया। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस और वाम दलों पर आरोप लगाया कि इन्होंने राज्य को आर्थिक संकट में धकेल दिया। उन्होंने कहा कि देश गवाह है कि जहां भी कांग्रेस और वामपंथियों का शासन रहा वहां विकास की जगह बर्बादी आई।

कांग्रेस और वामदलों ने क्या किया, यह पूरे देश ने देखा

पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस और वामपंथियों का ट्रैक रिकॉर्ड रहा है कि जहां भी वे सत्ता में आते हैं, वे सब कुछ बर्बाद कर देते हैं। पूरा देश जानता है कि वामपंथियों ने बंगाल और त्रिपुरा में क्या किया; सबने यह भी देखा है कि कांग्रेस ने पूरे देश में क्या किया। केरल भी उनकी इन्हीं नापाक योजनाओं की चपेट में आकर पिस गया है। यहां से सरकारी कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी की खबरें आती रहती हैं। हाल ही में, केरल में सरकारी कर्मचारियों के DA और लीव एनकैशमेंट के बकाया भुगतानों को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। कांग्रेस इन सब बातों के लिए वामपंथियों पर हमला करती है, लेकिन जहां कांग्रेस खुद सत्ता में है, वहां भी हालात खराब ही हैं। ज़रा पड़ोसी राज्य कर्नाटक को ही देख लीजिए; वहां भी ज़्यादातर विकास कार्य ठप पड़े हैं। हिमाचल प्रदेश भी आर्थिक संकट से जूझ रहा है। यही है कांग्रेस का शासन मॉडल।”

पश्चिम एशिया का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का भारत पर कम से कम प्रभाव पड़े। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक फायदे के लिए भारतीयों के जीवन को खतरे में डालने वाली खतरनाक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केरल के कई लोग संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में काम कर रहे हैं और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, ”इस समय सभी का ध्यान पश्चिम एशिया में जारी युद्ध पर केंद्रित है। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है कि भारत पर इसका कम से कम प्रभाव पड़े।”

24 घंटे काम कर रहे भारतीय दूतावास

पश्चिम एशिया में शांति के लिए जारी राजनयिक प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए मोदी ने कहा, ”युद्ध की शुरुआत से ही मैं इन सभी देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ लगातार संपर्क में हूं। सभी राष्ट्र संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहे हैं।” उन्होंने कहा कि विदेशों में भारतीय दूतावास अपने नागरिकों की सहायता के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। मोदी ने कहा, ”वहां हमारे भाइयों और बहनों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करने के लिए भारतीय दूतावास भी दिन-रात काम कर रहे हैं। भाजपा-राजग सरकार के लिए भारतीयों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

कांग्रेस पर निशाना बनाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा

”आपको यह भी याद रखना चाहिए कि कांग्रेस इस संवेदनशील मुद्दे पर किस तरह के बयान दे रही है – वे खतरनाक हैं। कांग्रेस खाड़ी देशों में रहने वाले लगभग एक करोड़ भारतीयों की जान खतरे में डालना चाहती है, ताकि वह इससे राजनीतिक फायदा उठा सके।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *