July 24, 2026
Gujarat News 24.07.2026

बीसीआर न्यूज़/वडोदरा, गुजरात: वडोदरा के हरनी क्षेत्र स्थित शिवदर्शन डुप्लेक्स सोसायटी में कॉमन प्लॉट की सफाई को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मेटल के पत्थर और प्लास्टिक की पाइप से हमला करने का आरोप लगाया है।

घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हरनी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मोतनाथ तालाब के पास स्थित शिवदर्शन डुप्लेक्स में रहने वाले वीरेंद्रसिंह विक्रमसिंह राठौड़ ने शिकायत में बताया कि 21 जुलाई की सुबह कॉमन प्लॉट की सफाई को लेकर पड़ोसी महेश उर्फ सागर मकवाणा और उनकी मां मंजुलाबेन मकवाणा से कहासुनी हो गई।

आरोप है कि इसके बाद दोनों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। महेश ने हाथ में मौजूद मेटल के पत्थर से वीरेंद्रसिंह, उनकी पत्नी और मां पर वार किया। हमले में वीरेंद्र सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके कारण उन्हें सात टांके लगे, जबकि उनकी पत्नी के सिर पर पांच टांके आए। उनकी मां को भी चेहरे पर सामान्य चोट लगी। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

वहीं, मंजुलाबेन मकवाणा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कॉमन प्लॉट की सफाई के दौरान कैलाशबेन, वैशालीबेन, निकिताबेन और वीरेंद्रसिंह राठौड़ ने उनके साथ झगड़ा कर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। बीच-बचाव करने आए उनके पुत्र महेश के साथ भी मारपीट की गई।

आरोप है कि एक महिला घर से प्लास्टिक की पाइप लेकर आई और उससे मंजुलाबेन तथा महेश की पिटाई की। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

हरनी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्टर: क्रुणाल पटेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *