July 24, 2026
Gujarat News 23.07.2026

बीसीआर न्यूज़/वड़ोदरा, गुजरात: वडोदरा शहर पुलिस की पीसीबी (पुलिस कंट्रोल ब्रांच) ने गुप्त सूचना के आधार पर गोल्डन टोल नाके के पास कार्रवाई करते हुए ऑटो रिक्शा में अवैध रूप से लाई जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 1.64 लाख रुपये से अधिक का मुद्दामाल जब्त किया है, जबकि शराब सप्लाई करने वाला एक अन्य आरोपी फरार है।

पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कोमार के निर्देशानुसार शहर में शराब और जुए जैसी असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पीसीबी के पुलिस निरीक्षक जे.आर. गामित के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। इस दौरान एएसआई प्रवीणसिंह प्रतापसिंह को सूचना मिली कि हालोल की ओर से एक ऑटो रिक्शा में अंग्रेजी शराब भरकर वडोदरा लाया जा रहा है और वह गोल्डन टोल नाके से शहर में प्रवेश करेगा।

सूचना के आधार पर पीसीबी टीम ने गोल्डन टोल नाके पर निगरानी रखी और GJ-06-AY-7690 नंबर के ऑटो रिक्शा को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें से भारतीय निर्मित अंग्रेजी शराब की 480 बोतलें बरामद हुईं।

पुलिस ने ऑटो चालक पूनम उर्फ पुनियो राजुभाई ठाकोर, निवासी पानी की टंकी वाला फलिया, खंडीवाला गांव, जरोद (तहसील वाघोडिया, वडोदरा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि शराब की खेप वाघोडिया निवासी ‘लाला’ नामक व्यक्ति ने उपलब्ध कराई थी, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 89,760 रुपये मूल्य की शराब, 70,000 रुपये कीमत का ऑटो रिक्शा और 5,000 रुपये का मोबाइल फोन जब्त किया। कुल 1,64,760 रुपये का मुद्दामाल बरामद किया गया। इस मामले में हरणी पुलिस स्टेशन में प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

रिपोर्टर: क्रुणाल पटेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *