अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: राजधानी के अलीपुर इलाके में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. यह हादसा मुकुंदपुर के हिरणकी रोड, मुखमेलपुर इलाके में हुआ. दोनों बच्चे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में नहा रहे थे, तभी अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए. हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है. शुरुआती जांच में गड्ढे के आसपास सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आई है. पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना दमकल विभाग को मिली. सूचना मिलते ही भोरगढ़ फायर स्टेशन से एक स्मॉल वाटर टेंडर और एक मोटरसाइकिल रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया गया. रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व स्टेशन ऑफिसर विजय दहिया ने किया. स्थानीय पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस के मुताबिक, 3 बच्चे गांव के पीछे स्थित खेतों में खेलने गए थे. इसी दौरान दो बच्चे पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गए और डूबने लगे. उनके साथ मौजूद तीसरा बच्चा दौड़कर गांव पहुंचा और लोगों को हादसे की जानकारी दी. सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करीब 8 लोगों ने मिलकर दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला.
स्टेशन ऑफिसर विजय दहिया ने बताया कि दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही आसपास मौजूद लोगों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाल लिया था. इसके बाद उन्हें तुरंत कैट्स एंबुलेंस की मदद से राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया. हालांकि अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस और दमकल विभाग के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान 7 वर्षीय आयुष, पिता मोती चंद और 8 वर्षीय नितेश, पिता कन्हैया के रूप में हुई है. दोनों बच्चे आसपास के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं.
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीजेआरएम अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है. मामले में गड्ढे की सुरक्षा और रखरखाव के लिए जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
