June 5, 2026
Amit ji NN

भाजपा निगम पार्षद अमित नागपाल ने मुख्यमंत्री को बताया संवेदनशीलता, संघर्ष व उत्साह की मिसाल

अजय शास्त्री (संपादक व प्रकाशक)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल के तहत सरकारी स्कूलों में 10वीं कक्षा में अध्ययनरत 1100 छात्राओं को साइकिल वितरित की। यह कार्यक्रम पीतमपुरा स्थित सर्वोदय विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जहां साइकिल प्राप्त कर कई छात्राएं भावुक हो उठीं और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बेटियों को ‘देवी स्वरूपा’ बताते हुए कहा कि नवरात्रि केवल श्रद्धा का पर्व नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान, शिक्षा और सशक्त भविष्य के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नवरात्रि और दुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए ‘जय माता दी’ के उद्घोष के साथ कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बनाया।

शिक्षा से आत्मनिर्भरता तक: सरकार का संकल्प

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक हर स्तर पर सहयोग प्रदान करना है। ‘लखपति बिटिया योजना’ के अंतर्गत अब जन्म से लेकर ग्रेजुएशन तक विभिन्न चरणों में आर्थिक सहायता सीधे छात्राओं के खातों में जमा की जाएगी, जिससे प्रत्येक बेटी को लगभग 1.25 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकेगी।

साइकिल योजना: शिक्षा की राह होगी आसान

मुख्यमंत्री ने बताया कि छात्राओं को स्कूल आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए यह योजना शुरू की गई है। प्रत्येक वर्ष नौवीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को साइकिल प्रदान की जाएगी, जिससे इस वर्ष लगभग 1.30 लाख छात्राओं को लाभ मिलेगा। 10वीं की छात्राओं को यह साइकिल विशेष पहल के तहत वितरित की गई है।

बेटियों के सम्मान पर कोई राजनीति नहीं

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बेटियों के कल्याण हेतु चलाई जा रही योजनाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि “हमारी बेटियां देवी हैं, उनके भविष्य पर राजनीति करना शर्मनाक है।”
महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर

महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार 1000 महिलाओं को ‘पिंक ऑटो’ परमिट प्रदान करेगी, जिससे उन्हें सम्मानजनक रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर मिलेगा।

स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में पहल

स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए घोषणा की है कि दिल्ली में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात शिशु के लिए 56 प्रकार के जेनेटिक विकारों की पहचान हेतु विशेष ब्लड टेस्ट निःशुल्क कराया जाएगा, जिससे समय रहते उपचार सुनिश्चित हो सके।

संवाद और संवेदना का क्षण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्राओं से सीधे संवाद किया, उनके सपनों को जाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कई छात्राओं ने साइकिल मिलने से अपनी पढ़ाई में आने वाली बाधाओं के दूर होने की बात कही और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

पीतमपुरा वार्ड-57 के निगम पार्षद अमित नागपाल ने मुख्यमंत्री के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली को ऐसी संवेदनशील और कर्मठ नेतृत्व मिला है, जो स्वयं एक महिला होने के नाते जमीनी स्तर पर संघर्ष कर इस मुकाम तक पहुंची हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का जीवन संघर्ष और मेहनत का उदाहरण है, और यही कारण है कि वे महिलाओं के सशक्तिकरण, बेटियों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही हैं।

अमित नागपाल ने विशेष रूप से शालीमार बाग विधानसभा में दुर्गा अष्टमी के अवसर पर छात्राओं को साइकिल वितरण को एक “प्रेरणादायक और सराहनीय कदम” बताते हुए कहा कि यह पहल न केवल बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी सशक्त बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *