June 15, 2026
Airoplain

बीसीआर न्यूज़ (झज्जर/हरियाणा): हरियाणा के झज्जर जिले के सेहलंगा गांव में एक किसान के 26 वर्षीय बेटे संदीप ने देशी जुगाड़ से उड़ने वाली अनोखी मशीन तैयार की है। यह मशीन एक लीटर पेट्रोल में 6 मिनट तक आसमान में उड़ती है। इसे मिनि हेलीकॉप्टर या पैराग्लाईडिंग फ्लाईंग मशीन का नाम दिया गया है।

इस युवा ने चार साल की कड़ी मेहनत के बाद पैराग्लाईडिंग फ्लाईंग मशीन को आसमान में उड़ाने में सफलता पाई है। मशीन दिखने में भले ही साधारण लगती हो, लेकिन ये उड़ान गजब की भरती है।
जानकारी के अनुसार 26 साल के युवा सेहलंगा गांव निवासी संदीप ने रेवाड़ी आईटीआई से मोटर मैकेनिक की ट्रेड से पढ़ाई की है। बाद में उन्होंने बीए किया। वहीं 2013 में संदीप का हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर सलेक्शन हो गया।
पुलिस में ज्वॉइनिंग होने के बाद भी संदीप के फ्लाइंग मशीन बनाने का जुनून कम नहीं हुआ। संदीप जब भी छुट्टी पर घर आता तभी वो अपनी मशीन के काम में लग जाता था।

टंकी फुल तो 30 मिनट हवा की सैर

इस अनोखी मशीन में संदीप ने बाइक का इंजन लगाया है। इसके अलावा लकड़ी के पंखे लगाए हैं। साथ ही साथ छोटे टायर लगाए हैं। इसका मतलब ये है कि संदीप ने वही चीजें इसमें लगाई हैं, जो बाजार में आसानी से मिलते हैं।
अब आपको बता दें कि ये मशीन पेट्रोल से उड़ती है। इसमें पांच लीटर का टैंक है। एक लीटर में ये मशीन छह मिनट तक उड़ती है यानी कुल मिलाकर इस मशीन की टंकी फुल होने के बाद आप 30 मिनट तक आसमान में उड़ सकते हैं।
सेहलंगा गांव के संदीप को शुरू से ही हवा में उड़ने का शौक था। अब वह उस मुकाम पर पहुंच गया है। हालांकि इस पहले भी उसने एक ऐसी ही मशीन तैयार की थी, लेकिन वो ट्रायल के दौरान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बावजूद भी उसने हिम्मत नहीं हारी। फिर से पैरागलाडिंग फ्लांईग मशीन बनाने का निर्णय लिया और आज वो कामयाब हो ही गया।
संदीप ने अपने दादा से वादा किया था कि बड़ा होकर अपने हाथ से बनाई फ्लाईंग मशीन बनाकर उनको हवा में उड़ाएंगे। फिलहाल इस मशीन में केवल एक ही व्यक्ति बैठ सकता है, लेकिन संदीप ने दावा किया है कि तीन महीने में यह मशीन तीन लोगों को लेकर उड़ेगी। सबसे पहले वो अपने दादाजी को ही बैठाएगा।

बोले पिता- रातभर लगा रहता था

संदीप के पिता सुरेश कुमार ने बताया कि संदीप देर रात इस मशीन को बनाता रहता था। हमारे मना करने के बावजूद भी संदीप मशीन पूरा करने में लगा रहता था। वहीं संदीप के दादा समुद्र सिंह ने कहा कि उसे पक्का विश्वास है कि संदीप उसे हवा में जरूर सैर कराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *