सीसीटीवी और टोइंग सर्विस की कड़ी से 21 वर्षीय हर्ष मेडा तक पहुंची हरणी पुलिस
बिना नंबर प्लेट वाली आई20 कार जब्त
बीसीआर न्यूज़/वडोदरा: वडोदरा में एम. एस. यूनिवर्सिटी के छात्र की मौत के हिट एंड रन मामले का हरणी पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। कारेलीबाग क्षेत्र में तीन छात्रों को टक्कर मारने और एक छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर दुर्घटना करने वाली i20 कार और उसके 21 वर्षीय चालक हर्ष मेडा को गिरफ्तार कर लिया है।
एम.एस. यूनिवर्सिटी के एम.वी. हॉल में रहने वाले तथा साइंस फैकल्टी के प्रथम वर्ष के तीन छात्र देर रात कारेलीबाग क्षेत्र में हिट एंड रन हादसे का शिकार हुए थे। हादसा इतना भीषण था कि तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सयाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से घायल छात्र ऋतुराज की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना के संबंध में हरणी पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि हादसे के बाद बिना नंबर प्लेट वाली i20 कार हालोल की ओर भाग गई थी।
आगे की जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि हादसे के बाद कार हालोल के पास खराब हो गई थी। इसके बाद चालक ने टोइंग सर्विस की मदद से कार को दूसरी जगह पहुंचाया था। इसी महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस ने कार को बरामद कर लिया और उसकी पहचान करते हुए 21 वर्षीय हर्ष मेडा को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्टिंग: क्रुणाल पटेल
