July 20, 2026
Jahangirpuri Murder on BCR NEWS 17.07.2026

अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. 20 वर्षीय युवक इरफान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इरफान इलाके के एक सलून में काम करता था. परिवार में शोक का माहौल है क्योंकि वह घर का इकलौता बेटा था.

बताया जा रहा है कि सुबह 8 बजे के करीब 4-5 युवक इरफान की सलून दुकान पर आए और तोड़फोड़ करने लगे. जब इरफान ने विरोध किया तो उन युवकों ने उसे मारपीट करते हुए पास की गली में ले जाकर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया.

गंभीर हालत में इरफान को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मां का कहना है कि जब मारपीट हो रही थी, वह मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस भी पहुंच गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

जहांगीरपुरी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं. घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है. स्थानीय लोग न्याय की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *