November 23, 2026
Delhi Metro News

अजय शास्त्री (संपादक/प्रकाशक)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन पर ट्रेन के सुबह शुरू होने और रात में खत्म होने के टाइमिंग को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। परिवर्तन के तहत सुबह ट्रेन शुरू होने का समय एक घंटे लेट तो रात में सर्विस खत्म होने का समय एक घंटे पहले कर दिया गया है।

हाइलाइट्स

  • आज से किया जा रहा समय सारिणी में बदलाव
  • एक महीने तक प्रभावित रहेगी यह व्यवस्था
  • रात में 11 की जगह 10 बजे आखिरी मेट्रो

दिल्ली मेट्रो कृष्णा पार्क एक्सटेंशन-दीपाली चौक खंड के लिए प्रणाली समन्वय का काम करने के उद्देश्य से शनिवार से मैजेंटा लाइन पर दीपाली चौक और मजलिस पार्क के बीच ट्रेनों के समय में बदलाव करेगी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने एक बयान में बताया कि संशोधित समय-सारिणी के तहत पहली ट्रेन सुबह छह बजे के बजाय 7 बजे चलेगी, जबकि आखिरी ट्रेन रात 11 बजे के बजाय 10 बजे रवाना होगी।

असुविधा के लिए जता दिया खेद

दिल्ली मेट्रो मैजेंटा लाइन के यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताता है। हम अपने यात्रियों से सहयोग और समझदारी की उम्मीद करते हैं। – दिल्ली मेट्रो रेल निगम

मेट्रो नेटवर्क को बेहतर करना लक्ष्य

दिल्ली मेट्रो ने बताया कि नए खंड को परिचालन के लिए तैयार करने से पहले जरूरी कार्य किया जाएगा और इस कारण समय में यह बदलाव करीब एक महीने तक लागू रहेगा। दिल्ली मेट्रो ने बताया कि यह कार्य 21 नवंबर से शुरू हो रहा है और इसका उद्देश्य नए मेट्रो खंड को मौजूदा मेट्रो नेटवर्क के साथ बेहतर ढंग से जोड़ना है।

मेट्रो स्टेशन पर भी दी जाएगी सूचना

दिल्ली मेट्रो के मुताबिक, काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का परिचालन पहले की समय-सारिणी के अनुसार बहाल कर दिया जाएगा। प्रभावित मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को संशोधित समय-सारिणी की जानकारी लेने और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है। दिल्ली मेट्रो ने बताया कि समय में बदलाव से जुड़ी जानकारी मेट्रो स्टेशनों पर प्रदर्शित की जाएगी और निगम के आधिकारिक संचार माध्यमों के जरिए भी साझा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *