अजय शास्त्री (संपादक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के द्वारका गोल्फ कोर्स में डूबने से हुई तीन बच्चों की मौत का यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व वर्ष 2023 में जुलाई महीने में तीन लड़कों की भी इस तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। हालांकि, तब गोल्फ कोर्स का उद्घाटन नहीं हुआ था और यह निर्माणाधीन था।
बताया गया कि उस समय पुलिस को छानबीन में पता चला था कि तीनों लड़के फुटबाल खेलकर लौट रहे थे और गोल्फ कोर्स की चारदीवारी कूदकर परिसर में दाखिल हुए थे। इस बार भी पुलिस तीनों बच्चों के गोल्फ कोर्स में दाखिल होने को लेकर ऐसी ही आशंका जता रही है।
पुरानी घटना से नहीं लिया सबक
लोगों का कहना है कि यदि पूर्व की घटना से डीडीए ने सबक ले लिया होता और अपनी चारदीवारी ऊंची कर लेती या दीवार के रुपरी सिरे पर कंटीले तार लगा देती तो शायद फिर ऐसी घटना नहीं होती।
गोल्फ कोर्स की जो चारदीवारी 7 फीट ऊंची
पुलिस का कहना है कि गोल्फ कोर्स की जो चारदीवारी है, वह करीब सात फीट ऊंची है। पांच फीट के बाद ग्रिल लगे हैं, जिसे पकड़कर दीवार पर चढ़ा जा सकता है और अंदर प्रवेश के लिए छलांग लगाई जा सकती है। गोल्फ कोर्स में प्रवेश करने का सबसे आसान जगह नाले से सटा हिस्सा है।
गोल्फ कोर्स की एक तरफ की चारदीवारी नजफगढ़ नाले के एक किनारे से बिल्कुल सटी है। यहां नाले के बांध पर चढ़कर कोई भी आसानी से दाखिल हो सकता है। इस बात की पूरी आशंका है कि तीनों बच्चे नाले वाले हिस्से से छलांग लगाकर गोल्फ कोर्स में दाखिल हुए होंगे।
