अजय शास्त्री (संपादक)
राजधानी दिल्ली के रानी बाग इलाके में दिनदहाड़े युवक की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मामले पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: रानी बाग थाना इलाके में गुरुवार सुबह एक युवक की सरेआम चाकू से गोदकर सनसनीखेज हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में दो बदमाशों को पैर में गोली मारकर घायल किया। दोनों का इलाज नजदीक के अस्पताल में कराया जा रहा है। ये दोनों बदमाश सुबह हुई हत्या की वारदात के आरोपी थे, जिन्होंने रानी बाग इलाके में चाकू से हमला किया था। जिसमे एक शख्स की मौत हो गई थी।
बाहरी जिला के डीसीपी विक्रम सिंह मीणा के अनुसार, पुलिस को सुबह के समय BSA हॉस्पिटल रोहिणी से एक कॉल मिली थी। जिसमें राजू (40) नाम के एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल करने की सूचना मिली थी। जिन्हें दो दोस्त अस्पताल लाए थे।
इलाज के दौरान घायल राजू की मौत
पूछताछ में पता चला कि पीतमपुरा के आशियाना अपार्टमेंट बस स्टैंड के पास चाकू से हमला करके बुरी तरह घायल किया गया था। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल राजू की मौत हो गई।
CCTV फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
मौके पर क्राइम टीम को भी छानबीन के लिए बुलाया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान शुरू कर दी गई।
दिल्ली पुलिस ने कैसे किया आरोपियों का एनकाउंटर
- ACP मुरारी लाल की देखरेख में SHO रानी बाग प्रवीण कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम को सूचना मिली कि हत्या के आरोपी लाल बाबू उर्फ लालू और कुंदन, दोनों पीतमपुरा के रहने वाले हैं। वो रानी बाग के एक स्कूल के पास खाली ग्राउंड के पास पार्क के अंदर छिपे हुए हैं।
- पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी शुरू की, बदमाशों ने अपने आपको पुलिस से घिरता देखकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। सेल्फ डिफेंस में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
- पुलिस द्वारा चलाई गई गोलियां दोनो आरोपियों के पैर में लगीं। घायल आरोपियों लाल बाबू उर्फ लालू (20) और कुंदन (20) को तुरंत नजदीक के भगवान महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस आगे की जांच कर रही है और इनके साथियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
