June 5, 2026
jalandhar-blast_bcr

अजय शास्त्री (संपादक)

ऑपरेशन सिंदूर की बरसी पर जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास धमाका हुआ। इसमें स्कूटी उड़ गई। काफी दूर तक धमाके की आवाज सुनी गई। धमाके से लोग दहशत में है।

बीसीआर न्यूज़/ब्यूरो, पंजाब: पंजाब के जालंधर में ऑपरेशन सिंदूर की बरसी पर मंगलवार शाम करीब 8:15 बजे बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास जबरदस्त धमाका हुआ। एक एक्टिवा स्कूटी विस्फोट से उड़ गई। धमाके की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट इतना तेज था कि बीएसएफ हेडक्वार्टर की दीवारें तक हिल गईं। कुछ पल के लिए किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है।

जानकारी के अनुसार स्कूटी एक फ्लिपकार्ट डिलीवरी कर्मी की बताई जा रही है। स्कूटी में रखे किसी विस्फोटक के फटने की आशंका है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय जांच एजेंसी की टीमें जालंधर में ब्लास्ट वाली जगहों के लिए रवाना हो गई हैं, जहां उनके जल्द ही पहुंचने की उम्मीद है ताकि जानकारी इकट्ठा की जा सके और जांच में पंजाब पुलिस की मदद की जा सके।

सूत्रों के अनुसार, गुरप्रीत नाम का युवक कोरियर डिलीवरी के लिए बीएसएफ मुख्यालय आया था। वह अपनी स्कूटी बाहर खड़ी कर अंदर पार्सल देने गया लेकिन कुछ ही देर बाद पीछे खड़ी उसी स्कूटी में जबरदस्त धमाका हो गया। अधिकारी इस बात से इन्कार नहीं कर रहे हैं कि यह एक आतंकी घटना हो सकती है।

घटना के तुरंत बाद बीएसएफ और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को सील कर दिया गया और फॉरेंसिक टीमों ने जांच शुरू कर दी। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने काउंटर इंटेलिजेंस को मामले की गहराई से जांच के आदेश दिए हैं।

शुरुआती तौर पर इसे गंभीर सुरक्षा चूक भी माना जा रहा है। मगर जांच एजेंसियां अब हर एंगल से पड़ताल कर रही हैं कि क्या स्कूटी में पहले से विस्फोटक रखा गया था? अगर हां, तो किसने और कब? क्या गुरप्रीत खुद निशाने पर था या बीएसएफ मुख्यालय? यह भी अहम सवाल है कि गुरप्रीत के कोरियर लेकर आने की जानकारी किन-किन लोगों तक पहुंची थी। इस घटना की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है।

यह घटना इसलिए भी ज्यादा चिंता बढ़ा रही है क्योंकि हाल ही में चंडीगढ़ में रहस्यमयी धमाका और पटियाला में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध गतिविधियां सामने आ चुकी हैं। इन सभी घटनाओं को जोड़कर देखा जा रहा है, जिससे एक संगठित नेटवर्क या किसी बड़ी साजिश की आशंका से इन्कार नहीं किया जा रहा है।

हालांकि, अधिकारी अभी खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। लेकिन एक बात साफ है कि यह धमाका सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ा अलर्ट है। आने वाले दिनों में जांच के खुलासे तय करेंगे कि यह सिर्फ लापरवाही थी या फिर किसी बड़ी साजिश की खतरनाक शुरुआत।

रोज डिलीवरी करने आता था युवक, पिता ने बताई पूरी बात

हिरासत में लिए गए एक लड़के के पिता ने बताया कि उनका बेटा हर रोज बीएसएफ में पार्सल की डिलीवरी देने जाता था। आज भी उसने शाम को फ्लिपकार्ट स्टोर से पार्सल उठाए थे। जब वह हेडक्वार्टर के अंदर पार्सल छोड़कर बाहर आ रहा था, तभी उसकी स्कूटी में विस्फोट हो गया।

दस से अधिक संदिग्ध लोगों से पूछताछ

दस से अधिक संदिग्ध लोगों को पुलिस ने ब्लास्ट के संबंध में पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। देर रात तक डिलीवरी बॉय को पुलिस ने हिरासत में रखा हुआ था। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

हाल की बीते दिनों की घटनाएं

पटियाला-राजपुरा रेल ट्रैक विस्फोटः अप्रैल 2026 में पटियाला-राजपुरा रेल ट्रैक पर कम तीव्रता का आईईडी विस्फोट हुआ। इसे बड़े हमले की साजिश के तौर पर देखा गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई और जांच तेज कर दी गई।

चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय पर ग्रेनेड हमलाः अप्रैल 2026 में चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर ग्रेनेड हमला किया गया। घटना से राजनीतिक और सुरक्षा हलकों में हड़कंप मच गया। जांच एजेंसियों ने मामले की पड़ताल शुरू कर साजिश के पहलुओं को खंगाला।

सरहिंद रेलवे ट्रैक विस्फोटः जनवरी 2026 में गणतंत्र दिवस से पहले सरहिंद रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया गया। इसे सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना गया। एजेंसियों ने तुरंत जांच शुरू कर संभावित खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया।

मोगा सीआईए कार्यालय पर हमलाः नवंबर 2025 में मोगा के सीआईए कार्यालय पर ग्रेनेड फेंका गया। इसे सुरक्षा एजेंसियों के लिए सीधी चुनौती माना गया। घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया और संदिग्धों की तलाश तेज की गई।

अमृतसर खंदवाला विस्फोटः मार्च 2025 में अमृतसर के खंदवाला इलाके में धार्मिक स्थल के बाहर विस्फोट हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एनआईए को सौंपी गई। एजेंसी ने आतंकी नेटवर्क के एंगल से जांच शुरू की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *