November 23, 2026
Sonia Vihar News

अजय शास्त्री (संपादक व प्रकाशक)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में स्थित “क्वीन बार” में हुई फायरिंग और रंगदारी की कोशिश के मामले में सेंट्रल जिला पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा को नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इसके अलावा वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी जितेश उर्फ गोला और अमित गोहर को भी पुलिस ने दबोच लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 16 और 17 नवंबर की रात पंचकुइयां रोड स्थित क्वीन बार में आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचे थे। आरोप है कि बार में रंगदारी मांगने को लेकर विवाद हुआ और इसके बाद आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

CCTV और सर्विलांस की मदद से मुख्य आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ और पहाड़गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची।

पुलिस पर फायरिंग , बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई SI की जान

पुलिस के अनुसार, सोनिया विहार में गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की। दो गोलियां SI रविंदर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से एक अत्याधुनिक पिस्टल, तीन खाली कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत छह आपराधिक मामले पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *