अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: रविवार को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने हिंदू धर्म को लेकर अरविंद केजरीवाल समेत कई विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा था. वहीं अब आप संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने इस पर पलटवार किया है.
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर पलटवार किया है. दरअसल, हिंदू धर्म को लेकर नितिन नवीन ने केजरीवाल समेत कई विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा था.
वहीं अब दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स हैंडल पर नितिन नवीन के पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “आप कौन हैं.” इसके बाद सियासी हलचल तेज हो गई है.
लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, “आज मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिएगा कि लोग आपके झांसे में आ जाएंगे.” नितिन नवीन यहीं नहीं रुके
उन्होंने आगे कहा, “क्योंकि जब आपके लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तो आप लोग मौन रहते हैं. सनातन का अपमान यूपी और देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी. हमनें विरासत को संजोया है, इसके लिए हमारे पुरखों ने कुर्बानियां तक दी हैं.”
इसके अलावा नितिन नवीन ने ये भी कहा, “आज आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले लोग कभी आस्था की बात कर ही नहीं सकते, क्योंकि आज बीजेपी के शासनकाल में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से लेकर काशी विश्वानाथ मंदिर तक, विरासत की नई तस्वीर बनी है.
लखनऊ के कार्यक्रम में अपने भाषण के दौरान नितिन नवीन ने आगे कहा, “वो लोग क्या बात करेंगे जिन्होंने रामसेवकों पर गोलियां चलवाने का काम किया, ऐसे लोग कभी आस्था की बात करने लायक नहीं हैं.”
