अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क स्थित डीडीए पार्क में 20 वर्षीय युवक की चाकू गोदकर हत्या के मामले का न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक थप्पड़ और पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने साजिश रचकर युवक को पार्क में बुलाया और उसकी हत्या कर दी.
डीडीए पार्क में युवक की मौत मामले का खुलासा:
डीसीपी राहुल अलवल के मुताबिक, 4 जुलाई की सुबह न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को जेपीसी अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क में एक युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली. पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी 20 वर्षीय तौहीद के रूप में हुई.
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी के जरिए हुई जांच:
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना न्यू उस्मानपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर के.एल. यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई.
मृतक युवक का घटना से पहले हुआ था विवाद:
जांच के दौरान पता चला कि घटना से पहले तौहीद का कुछ युवकों से विवाद हुआ था. इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शहनवाज (21), नूर हसन (20) और अनस (21) को गिरफ्तार कर लिया.पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि कुछ समय पहले तौहीद ने नूर हसन को थप्पड़ मार दिया था और शहनवाज को भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी. इसी अपमान का बदला लेने के लिए तीनों ने मिलकर साजिश रची. उन्होंने तौहीद को बहाने से डीडीए पार्क बुलाया और वहां चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की जांच जारी:
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है. जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी शहनवाज पहले भी लूट के एक मामले में शामिल रह चुका है. पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
