अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: देश की जनता पहले ही मंहगाई से त्रस्त है और ऊपर से गाड़ियां ख़राब होने का डर लोगों को इतना सता रहा है कि आज उन्हें सड़क पर आना पड़ रहा है। पेट्रोल में की जा रही इथेनॉल की ब्लेंडिंग के खिलाफ पहली बार लोग सड़कों पर उतरने जा रहे हैं। ये प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज दोपहर 2 बजे किया जाना है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका विरोध जबरदस्ती लागू की गई इथेनॉल-20 ब्लेंडिंग पॉलिसी के खिलाफ जमीन पर पहला विरोध प्रदर्शन है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर 2023 से पहले की गाड़ियां इथेनॉल-20 ब्लेंडेड ईंधन के अनुकूल नहीं है, इसे जबरदस्ती लागू क्यों किया जा रहा है। प्रदर्शन ‘टीम भारत अगेंस्ट इथेनॉल स्कैम’ के बैनर तले किया जा रहा है, जिसका नेतृत्व राजनीतिक विश्लेषक और इंटरप्रेन्योर तहसीन पूनावाला कर रहे हैं।
तहसीन पूनावाला का कहना है कि केंद्र सरकार की E20 इथेनॉल-ब्लेंडेड पेट्रोल पॉलिसी को जल्दबाजी में लागू किया जा रहा है। उनका विरोध इस नीति के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन की जुबानी अनुमति दे दी है, लेकिन प्रदर्शनकारियों की संख्या 200 तक सीमित करने के लिए कहा गया है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारी एक प्रेस कांफ्रेंस भी करेंगे और एक दिन पहले ई-20 के समर्थन में की गई सरकार की प्रेस कांफ्रेंस पर पलटवार करेंगे। तहसीन पूनावाला का कहना है कि उन्हें पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की संख्या 200 तक ही रखने के लिए कहा है। लेकिन उन्हें ये समझ नहीं आ रहा है कि प्रदर्शन में आने वाले लोगों को सीमित कैसे किया जा सकता है।
तहसीन पूनावाला ने कहा कि चाहे जो कुछ भी हो जाए, लेकिन वे लोगों के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करके रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि अगर पुलिस प्रदर्शन नहीं करने देती है और कोई गड़बड़ करती है तो वे लोग भारत के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के घर के सामने धरने पर बैठ जाएंगे।
