अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: आज कल देश के अनेकों इलाकों में आग लगने की घटना ज्यादा सामने आ रही है जी हाँ, राजधानी दिल्ली के चंदन होला इलाके में रविवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि दिल्ली फायर सर्विस को इसे पहले मेक-4 और फिर मेक-6 घोषित करना पड़ा. आग बुझाने के लिए कुल 15 दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया.
फिलहाल, राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि आग लगने की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है.
खबर विस्तार से, दरअसल, दक्षिण दिल्ली के चंदन होला इलाके में पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित एक फैक्ट्री में रविवार तड़के करीब 2 बजकर 11 मिनट पर आग लगने की सूचना दिल्ली फायर सर्विस को मिली. सूचना मिलते ही सबसे पहले 2 वॉटर टेंडर और 2 वॉटर बाउजर मौके के लिए रवाना किए गए. शुरुआती दौर में दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की, लेकिन आग तेजी से पूरी फैक्ट्री में फैलती चली गई.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रात 2 बजकर 40 मिनट पर आग को मेक-4 घोषित किया गया. इसके बाद मौके पर दमकल की अतिरिक्त गाड़ियों को भेजा गया. लेकिन आग की तीव्रता कम नहीं हुई. ऐसे में 3 बजकर 8 मिनट पर इसे मेक-6 घोषित कर दिया गया. इसके बाद राहत और बचाव अभियान को और तेज करते हुए कुल 6 वॉटर टेंडर, 7 वॉटर बाउजर, एक बीएफटी और एक एमपी, यानी कुल 15 दमकल वाहन मौके पर लगाए गए. वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ऑपरेशन लगातार जारी रहा.
दमकल विभाग के मुताबिक, मौके पर डिविजनल ऑफिसर आर. अटवाल, एडीओ संतोष, एडीओ सरबजीत, स्टेशन ऑफिसर मनीष और स्टेशन ऑफिसर अमित सहित कई अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे. दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार मशक्कत की.
फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है. अभी तक किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा.
