अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में दिल्ली पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित 35वें मैंगो फेस्टिवल का आगाज शुक्रवार को जनकपुरी स्थित दिल्ली हाट में हुआ. यह तीन दिवसीय फेस्टिवल 3 से 5 जुलाई 2026 तक चलेगा।
राजधानी दिल्ली में आम प्रेमियों के लिए एक बार फिर स्वाद और खुशबू से भरा खास आयोजन शुरू हो गया है. दिल्ली पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित 35वें मैंगो फेस्टिवल का आगाज शुक्रवार को जनकपुरी स्थित दिल्ली हाट में हुआ. यह तीन दिवसीय फेस्टिवल 3 से 5 जुलाई 2026 तक चलेगा, जहां देशभर से आए बागवान और संस्थान आम की सैकड़ों किस्मों को एक ही जगह प्रदर्शित कर रहे हैं.
इस फेस्टिवल का उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया. इस मौके पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, शिक्षा मंत्री आशीष सूद और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे. इस फेस्टिवल की सबसे खास बात यह है कि यहां आमों की 400 से अधिक वैरायटी है और रेंज बेहद अनोखी है, अंगूर जितने छोटे से लेकर पपीते जितने बड़े आम भी प्रदर्शित किए गए हैं, जो लोगों के लिए बड़ा आकर्षण बने हुए हैं.
दिल्ली पर्यटन विभाग पिछले कई दशकों से यह फेस्टिवल आयोजित करता आ रहा है. इस बार भी यहां आम की कई खास और पारंपरिक किस्में लोगों को आकर्षित कर रही हैं, जिनमें हुस्नआरा, रटौल, रामकेला, केसर, मल्लिका, अमरपाली, फजली, हाथी झूल और लीची जैसी किस्में शामिल हैं. हर किस्म का स्वाद, रंग और खुशबू अलग अनुभव दे रही है.
इस फेस्टिवल का उद्देश्य केवल आम दिखाना नहीं, बल्कि छोटे और बड़े बागवानों, किसानों और निर्यातकों को एक मंच देना है, ताकि वो अपनी किस्मों को लोगों तक पहुंचा सकें और आम से बने उत्पादों को बढ़ावा मिल सके.
आगंतुक यहां सिर्फ आम देखने ही नहीं आते, बल्कि खरीदारी भी कर सकते हैं. अगर आप इस फेस्टिवल में जातें तो वहां आपको मिलेंगे देशभर की अलग-अलग किस्मों के ताजे आम, आम से बने प्रोडक्ट जैसे जूस, अचार, पल्प और मिठाइयां और आम के पौधे जिन्हें घर पर लगाया जा सकता है.
फेस्टिवल में आने वाले लोग सीधे स्टॉल पर जाकर बागवानों और नर्सरी संचालकों से आम खरीद सकते हैं. हर स्टॉल पर अलग-अलग किस्में और उनके दाम उपलब्ध हैं, जिससे लोग अपनी पसंद के अनुसार चयन कर सकते हैं.
इस आयोजन में कई बड़े कृषि संस्थान भी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें आईसीएआर–आईएआरआई पूसा, आईसीएआर–सीआईएसएच लखनऊ, जी.बी. पंत कृषि विश्वविद्यालय, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार और बिहार कृषि विश्वविद्यालय शामिल हैं. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मलिहाबाद, सहारनपुर और बिसवां जैसे क्षेत्रों से आए मशहूर बागवान भी अपनी खास किस्मों के आम लेकर पहुंचे हैं.
फेस्टिवल में शनिवार को मैंगो ईटिंग प्रतियोगिता भी होगी, जो दर्शकों के बीच काफी रोमांच पैदा करेगी. दिल्ली पर्यटन के मुताबिक यह फेस्टिवल 5 जुलाई तक रोजाना दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा. भीड़ को ध्यान में रखते हुए तिलक नगर मेट्रो स्टेशन से दिल्ली हाट, जनकपुरी तक फ्री शटल सेवा भी चलाई जा रही है.
