अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दिल्ली में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। राजधानी के समयपुर बादली इलाके की संजय कॉलोनी में जलभराव के बीच खेल रहे एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। रेहान नाम का लड़का बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूब गया, जिससे इलाके में मातम पसर गया और एक बार फिर जलभराव को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए।
क्या है पूरा मामला
जांच में सामने आया कि 7 वर्षीय रेहान तीसरी क्लास में पड़ता था। गुरुवार सुबह रेहान अपने छोटे भाई के साथ खेलने के लिए घर से बाहर निकला था। इस दौरान रेहान खेलते खेलते प्लॉट की तरफ चला गया। कुछ देर बाद जब घर नहीं आया तो परिवार के लोगों ने उसे ढूंढना शुरू किया। लगभग दो घंटे ढूंढने के बाद रेहान खाली प्लॉट में पानी से भरे गड्ढे में मिला। परिवारवाले रेहान को बुराड़ी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लोगों ने लगाए आरोप
दिल्ली पुलिस ने शुरुआती जांच के अनुसार किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को खारिज करते हुए इसे गलती से डूबने की घटना बताया है। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि उस जगह पर पानी जमा होने की बार-बार शिकायतें करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे मॉनसून के दौरान यह खाली प्लॉट जानलेवा खतरा बन गया।
इन मार्गों पर लगा भयंकर जाम
गुरुवार को हुई बारिश के बाद हुए जलभराव के कारण रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा धौला कुआं, महिपालपुर, राजोकरी, आश्रम के पास मथुरा रोड, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, जखीरा फ्लाईओवर, मोती नगर, पटेल नगर समेत राजधानी की प्रमुख सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रही।
