June 5, 2026
Rusia & Yukrain

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग न रुके और ऐसे ही तबाही होती रहे, इसके लिए एक खतरनाक साजिश रची जा रही है। इस साजिश के तहत उन शांति वार्ताकारों को निशाना बनाया जा रहा है, जो दोनों देशों के बीच सुलह की कोशिशों में जुटे हैं। वाल स्ट्रीट जनरल की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के अरबपति रोमन अब्रमोविच और यूक्रेन के शांति वार्ताकारों को बातचीत के दौरान जहर दिया गया था। दोनों के शरीर से जहर के लक्षण मिले हैं। हालांकि, क्रेमिलन की ओर से इस घटनाक्रम पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

शरीर से अलग होने लगी थी खाल
रिपोर्ट के मुताबिक, अब्रमोविच और अन्य वार्ताकारों में जो लक्षण दिखाई दिए हैं, वह जहर के ही हैं। वार्ता के बात उनकी आंखे लाल थीं। शरीर में तेज दर्द और लगातार आंसू बह रहे थे। इसके अलावा उनके हाथों और चेहरे से खाल भी हटने लगी थी। हालांकि, अब सभी खतरे से बाहर हैं। इस घटना का शिकार होने वालों में क्रीमिया के सांसद उमेरोव भी शामिल हैं।

इस कारण रची गई जहर देने की साजिश
क्रेमलिन के मुताबिक, रूसी अरबपति अब्रमोविच ने सबसे पहले रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता में भूमिका अदा की थी। इसके बाद यह प्रक्रिया दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल के हाथ में है। दरअसल, अब्रमोविच ने रूसी आक्रमण रुकवाने में मदद के लिए यूक्रेन के अनुरोध को स्वीकार कर लिया था।

कौन रच रहा है साजिश?
वाल स्ट्रीट की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस में युद्ध समर्थकों ने शांति वार्ता को सफल न होने देने के लिए इस तरह की साजिश को अंजमा दिया था। यूक्रेन की टीम के दो वरिष्ठ सदस्य भी इस घटना का शिकार हुए थे। हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि, जहर देने का उद्देश्य किसी की जान न लेकर बल्कि उन्हें चेतावनी जारी करना था।

आज होने वाली है फिर बातचीत
जंग रोकने के लिए दोनों देशों के नेता आज फिर से तुर्की के इस्तांबुल में मिलने वाले हैं। इस बीच यूक्रेन ने शांति वार्ता की पेशकश की है। हालांकि, पुतिन की ओर से साफ जवाब दिया गया है कि, शर्तें मानने तक वह नहीं रुकेंगे। यह भी कहा जा रहा है कि दोनों देश के नेता इस वार्ता में न ही कुछ खाएंगे और न पिएंगे।

न्यूज़ एजेंसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *