September 10, 2026
Zeero

बीसीआर (मुंबई): शाह रुख़ ख़ान की फ़िल्म ‘ज़ीरो’ बॉक्स ऑफ़िस पर बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही। मंगलवार को क्रिसमस की छुट्टी पर कमाई में उछाल के बाद बुधवार को फ़िल्म के कलेक्शंस काफ़ी गिर गये।

Zeero

बीसीआर के अनुसार, बुधवार को ज़ीरो ने लगभग ₹5 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसके साथ फ़िल्म का 6 दिनों का कलेक्शन अब लगभग ₹86.32 करोड़ ही हो पाया है। इससे पहले मंगलवार को क्रिसमस पर फ़िल्म ने ₹12.75 करोड़ कमाई की थी, जो सोमवार के मुकाबले लगभग पच्चीस फ़ीसदी अधिक है। राष्ट्रीय छुट्टी के मद्देनज़र ये उछाल कम था, मगर फिर भी शाह रुख़ के लिए कुछ राहत तो थी। सोमवार को वर्किंग वीकेंड शुरू होने की वजह से फ़िल्मों का बिज़नेस आम तौर पर काफ़ी गिरता है। सोमवार को ज़ीरो ने ₹9.50 करोड़ बॉक्स ऑफ़िस पर मिले थे। रविवार के मुकाबले सोमवार को फ़िल्म का कलेक्शन लगभग 50 फ़ीसदी गिरा, जो सामान्य है।
अगर यही रफ़्तार बरकरार रही तो दूसरे वीकेंड तक घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर ₹100 करोड़ जमा करने की आस लगायी जा सकती है। ज़ीरो के पास बस आज का दिन और है, क्योंकि 28 दिसम्बर को ‘सिम्बा’ बड़े पैमाने पर रिलीज़ हो रही है। ज़ीरो की बॉक्स ऑफ़िस रफ़्तार को देखते हुए एग्ज़िबिटर्स इसके शो सिम्बा को देने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं, जो मास एंटरटेनर मानी जा रही है। ज़ाहिर है कि दूसरे हफ़्ते में ज़ीरो की स्क्रींस की संख्या काफ़ी कम हो सकती है।
21 दिसम्बर को ज़ीरो बड़े उत्साह और उम्मीदों के बीच देशभर में 4000 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। 2018 की अहम और बहुप्रतीक्षित फ़िल्मों में शामिल ज़ीरो से उम्मीदें इसलिए भी बढ़ गयी थीं, क्योंकि इस साल आमिर ख़ान की ‘ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान’ और सलमान ख़ान की ‘रेस 3’ बॉक्स ऑफ़िस पर ढेर हो गयी थीं। दोनों खानों के फेल होने से सारा दारोमदार शाह रुख़ पर आ गया था। वहीं, ‘ज़ीरो’ में शाह रुख़ का किरदार और ट्रेलर को देखकर भी एक अलग तरह की फ़िल्म होने के क़यास लगाये जा रहे थे, मगर ‘ज़ीरो’ रिलीज़ हुई तो सारी उम्मीदों और क़यासों की हवा निकल गयी।
हालांकि ओवरसीज़ ने फ़िल्म को कुछ संभाल लिया, जहां फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ₹35 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है। अमेरिका में ₹7.22 करोड़, ऑस्ट्रेलिया में ₹1.61 करोड़, न्यूज़ीलैंड में ₹63.75 लाख और नॉर्वे में ₹30.40 लाख ही मिल सके हैं। घरेलू बॉक्स ऑफ़िस का ₹72 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन और ओवरसीज़ का ₹35 करोड़ मिलाकर, ज़ीरो ने वर्ल्डवाइड ₹107 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में इकट्ठा कर लिया है। ओवरसीज़ में ओपनिंग वीकेंड में सबसे अधिक कमाने वाली शाह रुख़ की यह 11वीं फ़िल्म है और 2018 की पांचवीं फ़िल्म है।
आनंद एल राय के निर्देशन में बनी ‘ज़ीरो’ में शाह रुख़ ख़ान ने मेरठ के बौने बउआ सिंह का किरदार निभाया है, जो अपने क़द को लेकर बिल्कुल शर्मिंदा नहीं है, बल्कि अतिउत्साहित और काइयां क़िस्म का है। फ़िल्म में अनुष्का शर्मा स्पेस साइंटिस्ट के किरदार में हैं, जो सेरेब्रल पाल्सी की शिकार है और व्हील चेयर से बद्ध है। कटरीना कैफ़ ने फ़िल्म स्टार का रोल निभाया है, जबकि मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब बउआ के दोस्त के किरदार में हैं। फ़िल्म सलमान ख़ान और श्रीदेवी समेत कई फ़िल्मी सितारों ने कैमियो किये हैं। तमाम मसालों के बावजूद ज़ीरो पहले दिन दर्शकों को आकर्षित करने में कामयाब नहीं हुई है। ज़ीरो को क्रिटिक्स की भी मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। फ़िल्म को एक से 4 तक स्टार्स दिये गये हैं। ज़ाहिर है कि ज़ीरो समीक्षकों की पसंद भी नहीं बन सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *