June 5, 2026
Sealing Order

अजय शास्त्री (संपादक)

  • न्यू अशोक नगर में सीलिंग की कार्रवाई टाल दी गई है.
  • व्यापारियों द्वारा DDA को दिए गए ज्ञापन की जांच की जा रही है.
  • दुकानदारों ने दुकानों के बाहर ईंट की दीवारें खड़ी कर दी थीं.

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में सीलिंग को लेकर पिछले कई दिनों से डर और तनाव का माहौल बना हुआ था. लेकिन अब स्थानीय व्यापारियों को थोड़ी राहत मिली है. जानकारी के मुताबिक, फिलहाल न्यू अशोक नगर में सीलिंग की कार्रवाई नहीं होगी. व्यापारियों ने डीडीए को ज्ञापन देकर कार्रवाई रोकने की मांग की थी, जिस पर अब डीडीए विचार कर रहा है.

दुकानों के बाहर बनाई गई ईंट की दीवारें

सीलिंग की आशंका के बीच इलाके में अजीब स्थिति देखने को मिली. कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने ईंट की दीवारें खड़ी कर दीं. न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन रोड और चिल्ला सरोदा बांगर इलाके में यह काम तेजी से किया गया. लोगों का कहना है कि कार्रवाई से बचने के लिए दुकानदार ऐसा कदम उठा रहे हैं.

बताया जा रहा है कि डीडीए ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर इलाके की सैकड़ों दुकानों को नोटिस जारी किए थे. आरोप है कि रिहायशी इलाके में नियमों के खिलाफ व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं. इसी वजह से सीलिंग की तैयारी की जा रही थी.

संयुक्त कार्रवाई की थी तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, डीडीए, नगर निगम और दिल्ली पुलिस मिलकर इलाके में सीलिंग अभियान चलाने की तैयारी में थे. इसी खबर के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था. दुकानदारों को डर था कि कभी भी कार्रवाई शुरू हो सकती है.

व्यापारियों ने उठाई राहत की मांग

कार्रवाई रुकवाने के लिए स्थानीय व्यापारियों ने डीडीए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा. व्यापारियों का कहना है कि अचानक सीलिंग होने से सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी प्रभावित होगी. फिलहाल डीडीए इस ज्ञापन की जांच और समीक्षा कर रहा है. इसी वजह से अगले आदेश तक सीलिंग पर रोक लगी हुई है.

हालांकि फिलहाल कार्रवाई टल गई है, लेकिन इलाके के दुकानदारों में अभी भी चिंता बनी हुई है. लोग डीडीए के अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं. वहीं प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई अंतिम आदेश जारी नहीं किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *