July 26, 2026
Punjab News

बीसीआर न्यूज़/पंजाब: रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. बिट्टू पंजाब से आते हैं और राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए उनके इस्तीफे को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा केंद्रीय मंत्रिपरिषद से रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद बीजेपी नेता ने शुक्रवार (24 जुलाई) को कहा कि अब वह अपना पूरा ध्यान चुनावी राज्य पंजाब पर लगाएंगे, जहां उनकी पार्टी 2027 में सरकार बनाने की उम्मीद कर रही है.

इस सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं बिट्टू

बिट्टू के लुधियाना से 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना है. राष्ट्रपति मुर्मू ने शुक्रवार को रेल और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री का इस्तीफा स्वीकार कर लिया. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सलाह पर, राष्ट्रपति ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से बिट्टू का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया.

बीजेपी के प्रमुख सिख नेता बिट्टू ने कहा कि उन्होंने 21 जून को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जब उनका राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हुआ था. बिट्टू ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मैंने जालंधर रैली के दौरान और सोमवार को भी प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाए और उनसे आशीर्वाद मांगा.”

जून में, संसद में लगभग 17 साल बिताने के बाद बिट्टू ने पंजाब विधानसभा में काम करने की इच्छा जताई थी. उन्होंने कहा था कि 2024 का संसदीय चुनाव हारने के बावजूद बीजेपी ने उन्हें मंत्री बनाया.

पंजाब चुनाव से पहला आया इस्तीफा

राजनीतिक गलियारों में इसे पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. इस्तीफा देने के बाद रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया.

बिट्टू ने पोस्ट में लिखा कि उन्हें भारत सरकार में राज्य मंत्री के रूप में देश की सेवा करने का अवसर देने के लिए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का हृदय से धन्यवाद.उन्होंने कहा कि भारत के लोगों, विशेष रूप से अपने प्रिय पंजाब की सेवा करना उनके लिए सम्मान की बात रही है.

रिपोर्ट: पिंटू धीमान | पंजाब ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *