September 18, 2026
Rekha Gupta C

अजय शास्त्री (संपादक व प्रकाशक)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर गुरुवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कन्या पूजन कर बेटियों का सम्मान किया। उन्होंने बेटियों को मां दुर्गा की शक्ति का स्वरूप बताते हुए कहा कि बेटियां सौभाग्य, शक्ति और मां का पावन आशीर्वाद हैं। उन्होंने दुर्गा अष्टमी के बारे में बताते हुए कहा कि यह पर्व हमें यह अनुभव कराता है कि हर बेटी में आदिशक्ति का उज्ज्वल स्वरूप मौजूद है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बेटियों का स्नेह और सम्मान जीवन को पवित्रता और मंगल से भर देता है।

मां दुर्गा से की हर घर में सुख-समृद्धि की कामना

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मां दुर्गा से प्रार्थना भी की कि सभी पर उनकी कृपा बनी रहे। उन्होंने कामना की कि हर घर में सुख-समृद्धि आए और बेटियों का स्नेह जीवन को हमेशा आलोकित करता रहे। बता दें कि गुरुवार को ही मुख्यमंत्री ने छात्राओं को साइकिल भी वितरित की। अपने विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान, गुप्ता ने छात्राओं को साइकिल सौंपते हुए उनसे बातचीत की। उन्होंने कहा, ‘हमने देखा है कि कभी-कभी लड़कियों को घर से स्कूल जाने में दिक्कतें आती हैं। अब साइकिल की मदद से लड़कियां बिना किसी परेशानी के अपने घर और स्कूल आ जा सकेंगी।’

‘आज 1100 बेटियों को साइकिल प्रदान की गईं’

रेखा गुप्ता ने कहा कि इस पहल से बालिकाओं की शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने ‘X’ पर कहा कि मां के रूप में इन कन्याओं का पूजन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि यह स्मरण है कि जहां बेटियों का सम्मान होता है, वहीं सच्ची समृद्धि का वास होता है। उन्होंने कहा, ‘इसी श्रद्धा और संकल्प के साथ आज 1100 बेटियों को साइकिल प्रदान की गईं। इस वर्ष से हमारी सरकार ने बजट में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा में उत्तीर्ण 1,30,000 बेटियों को साइकिल प्रदान करने का प्रावधान किया है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *